Heatwave Alert : भीषण गर्मी का टॉर्चर, राजस्थान के बाड़मेर में पारा 47°C के करीब, MP-गुजरात में भी लू का अलर्ट, चारधाम यात्रियों को चेतावनी
उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और लू (Heatwave) ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कई शहरों में रविवार को सूरज ने आग उगली। इससे तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों में गर्मी और बढ़ने की चेतावनी जारी की है।
बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर
मरुधरा में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बाड़मेर 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। जैसलमेर में पारा 46.3 डिग्री सेल्सियस और फलोदी में 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तपती सड़कों और लू के थपेड़ों के कारण दोपहर में शहरों में कर्फ्यू जैसा नजारा दिखने लगा है।
रतलाम में भयंकर तपिश, भोपाल में पारा हाई
मध्यप्रदेश के रतलाम में पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजधानी भोपाल की बात करें तो यहाँ तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, लेकिन आर्द्रता और हीट इंडेक्स के कारण लोगों को 42 डिग्री सेल्सियस जैसी झुलसाने वाली गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 मई को भोपाल में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
गुजरात और महाराष्ट्र का हाल
गुजरात: राजकोट (44.3 डिग्री सेल्सियस) और अमरेली (44.1 डिग्री सेल्सियस ) में भीषण लू चली।
महाराष्ट्र: जलगांव राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहाँ तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
चारधाम यात्रियों के लिए एडवाइजरी
जहां एक ओर मैदानी इलाके तप रहे हैं, वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी हिस्सों में 12 और 13 मई को मौसम खराब रहने की आशंका है। गढ़वाल कमिश्नर ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान यात्रा करने से बचें और सावधानी बरतें।
बिहार में राहत: आंधी-बारिश का दौर
देश के अन्य राज्यों के विपरीत बिहार में मौसम थोड़ा नरम है। यहां आंधी और हल्की बारिश की वजह से तापमान नियंत्रण में है। कैमूर में रविवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें