झुलसाती गर्मी का सितम: 8 राज्यों में पारा 43 डिग्री पार, लू से सावधान!
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी तटों के साथ सप्ताह के दौरान गर्म और आर्द्र मौसम बने रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर 18 और 19 अप्रैल लू चलने की आशंका है। ओडिशा में 20 अप्रैल तक गर्म हवाओं के थपेड़े पड़ सकते हैं। झारखंड में 19 से 21 अप्रैल के बीच तथा मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा और तेलंगाना में 18 अप्रैल को हिट वेव चलने की संभावना है।
अरुणाचल प्रदेश में 18-21 अप्रैल के दौरान, असम और मेघालय में 19 और 20 अप्रैल को, तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 और 19 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।
कैसा है दिल्ली NCR का मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की आंधी-तूफान की चेतावनी के बीच शुक्रवार रात दिल्ली-एनसीआर में जोरदार बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखा गया। इस वजह से राजधानी का पारा अचानक 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ घंटों में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
बिहार में आंधी तूफान का अलर्ट
बिहार में आज आंधी-तूफान और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 37 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें