1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Ram temple will soon be built on Ram Janmabhoomi

Ram temple। अमित शाह ने कहा, भाजपा राम जन्मभूमि पर जल्द से जल्द श्रीराम मंदिर बनाने को कटिबद्ध

Amit Shah
महाराजगंज (उत्तरप्रदेश)। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा राम जन्मभूमि पर जल्द से जल्द श्रीराम मंदिर बनाने के लिए कटिबद्ध है। शाह ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि बुआ (बसपा सुप्रीमो मायावती), भतीजा (सपा प्रमुख अखिलेश यादव) और राहुल बाबा (कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी) राम जन्मभूमि पर अपना रुख जनता के सामने रखें।
 
भाजपा अध्यक्ष यहां गोरखपुर क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। घुसपैठियों के मसले पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कश्मीर से कन्याकुमारी तक, असम से गुजरात तक और उत्तरप्रदेश से उत्तराखंड तक एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर निकालने का काम करेगी।
 
शाह ने कहा कि देश के अंदर घुसपैठियों को हटाने का काम मोदी सरकार ने शुरू किया तो कांग्रेस, सपा और बसपा विरोध में आ गए। ये घुसपैठिए बुआ-भतीजे के लिए वोटबैंक हो सकते हैं लेकिन हमारे लिए देश की सुरक्षा ही सबसे बड़ी है। शाह ने विरोधी दलों के गठबंधन पर कहा कि गठबंधन से जरा भी चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। उत्तरप्रदेश का परिणाम दीवार पर लिखा दिखता है कि इस बार 2019 के लोकसभा चुनाव में 73 की 74 सीटें होंगी। उत्तरप्रदेश की जनता गठबंधन को साफ कर देगी।
 
शाह ने कहा कि हमारी पार्टी वंशवाद के आधार पर नहीं, लोकतंत्र के आधार पर चलती है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसके चुनाव जीतने का आधार नेता नहीं बल्कि बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता होता है। वर्षों से देश के पिछड़े, अतिपिछड़े और ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) लगातार संवैधानिक मान्यता के लिए संघर्ष करते रहे लेकिन कांग्रेस, सपा और बसपा राजनीति करते रहे। भाजपा ने इन पिछड़ा व अति पिछड़ा समाज के बोर्ड को संवैधानिक मान्यता देने का काम किया।
 
शाह ने कहा कि सपा-बसपा की सरकारों में निजाम राज था। नसीमुददीन भाई थे, इमरान भाई थे, अफजल भाई थे, आजम खान थे और मुख्तार थे। भाजपा ने इन निजामों को उखाड़ने का काम किया है। जब सपा-बसपा की सरकारें थीं तो यहां निजाम चलता था जिन्होंने मिलकर यहां आतंकवाद का कॉरिडोर बनाया था, लेकिन योगी की सरकार आते ही हमने इनके इस कॉरिडोर को उखाड़ फेंकने का काम किया है। उत्तरप्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद माफिया यहां से पलायन कर गए हैं।
 
शाह ने कहा कि पूर्वांचल मच्छर और माफियाओं से बहुत परेशान होता था। भाजपा की योगी सरकार आई तो माफिया न जाने कहां पलायन कर गए और स्वच्छता अभियान से दिमाग का बुखार (मस्तिष्क ज्वर) भी नीचे जा रहा है। (भाषा)
अगला लेख
उच्चतम न्यायालय ने आर्थिक आधार पर 10 फीसदी आरक्षण के खिलाफ नई याचिका पर केंद्र से मांगा जवाब