1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Raj Thackeray, MNS worker, Maharashtra Police

मनसे कार्यकर्ताओं का गैरमराठी कर्मचारियों पर हमला, 7 गिरफ्तार

Raj Thackeray
सांगली (महाराष्ट्र)। राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे के कथित सदस्यों ने एक फैक्टरी के गैरमराठी कामगारों पर हमला किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
क्षेत्रीय दल मनसे कुपवाड़ में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम की इकाइयों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग कर रहा है। पुलिस ने हमले के संबंध में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना मंगलवार शाम पश्चिम महाराष्ट्र में घटी।
 
एक अधिकारी ने बताया कि कथित तौर पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) से जुड़े कार्यकर्ताओं के एक समूह ने उत्तर के राज्यों से आने वाले कामगारों पर तब हमला किया, जब वे कुपवाड़ औद्योगिक इलाके में एक फैक्टरी में काम करके लौट रहे थे। औद्योगिक क्षेत्र में कई ढलाईखाने, चक्कियां, फैक्टरियां और तेल उत्पादन इकाइयां हैं।
 
इंस्पेक्टर एएम कदम ने बताया कि पीड़ितों में से एक ने एमआईडीसी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी जिसके आधार पर पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। कदम ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। (भाषा)