1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Kannauj minor rape case

Kanauj rape case : दुष्कर्म पीड़िता की फरार बुआ गिरफ्तार, नाबालिग को ले गई थी नवाब सिंह के पास

Kannauj minor rape case
Kannauj minor rape case : उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव द्वारा एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म किए जाने के मामले में पीड़िता की बुआ को गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता की बुआ पर आरोप है कि वह नाबालिग लड़की को नवाब सिंह यादव के पास लेकर गई थी। घटना के बाद से ही पीड़िता की बुआ फरार थी।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बुधवार को बताया कि पुलिस के ‘स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप’ (एसओजी) ने कन्नौज के तिर्वा क्षेत्र से पीड़िता की बुआ पूजा तोमर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही पूजा तोमर फरार थी। आनंद ने बताया कि पूछताछ के दौरान पीड़िता की बुआ ने बताया कि चिकित्सकीय जांच न कराने और बयान से पलटने के लिए नवाब सिंह यादव के भाई ने उसे धन का प्रलोभन दिया था।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पीड़िता की बुआ पूजा तोमर ने यह भी बताया कि वह नवाब सिंह यादव को पिछले पांच-छह साल से जानती है और नवाब के साथ उसके अवैध संबंध भी रहे हैं। आनंद ने बताया कि पूजा तोमर के अनुसार, यादव ने ही उसे 11 अगस्त की रात अपने कॉलेज बुलाया था जहां उसकी भतीजी के साथ दुष्कर्म की घटना हुई।
उन्होंने बताया कि पीड़िता ने अपनी बुआ के मोबाइल फोन से पुलिस को इस घटना की सूचना दी थी जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच यादव को गिरफ्तार कर लिया। आनंद ने बताया कि नवाब सिंह यादव का सहयोग करने के आरोप में पूजा तोमर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61/2 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
 
उपजिलाधिकारी (सदर) राम के. सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर, राजस्व निरीक्षक अरुण तिवारी, लेखपाल प्रिया पाल, विजय कांत शुक्ला, अमित मिश्रा, अभिषेक दुबे तथा सर्वे लेखपाल अमित राय को आरोपी नवाब सिंह यादव की संपत्ति की जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
 
गौरतलब है कि नवाब सिंह यादव को अपने कॉलेज में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। लड़की की चिकित्सकीय जांच में उससे बलात्कार की पुष्टि हुई है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने यादव को समाजवादी पार्टी (सपा) का नेता बताते हुए सपा का घेराव किया था। बहरहाल, सपा ने इससे पल्ला झाड़ते हुए कहा था कि यादव पार्टी का नेता नहीं है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
bharat band live : पटना में भारत बंद समर्थकों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज