1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Godavari river's water level decreased

आंध्रप्रदेश के कई गांव अब भी जलमग्न, गोदावरी नदी के जलस्तर में आई कमी

Godavari river
अमरावती (आंध्रप्रदेश)। गोदावरी नदी का जलस्तर मंगलवार की सुबह 22.90 लाख क्यूसेक तक पहुंचने के बाद उसमें थोड़ी कमी आई है और दोपहर में यह 22.40 लाख क्यूसेक तक आ गया है, लेकिन आंध्रप्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी जिलों के कई गांव अब भी जलमग्न हैं।
भद्राचलम में जल स्तर मंगलवार को 6 फुट से अधिक घटने के बाद गोदावरी के जलस्तर में और कमी आने की उम्मीद है। सोमवार को भद्राचलम का जलस्तर 61 फुट तक पहुंच गया था। मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने स्थिति की समीक्षा करने के बाद दोनों जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को तुरंत 2-2 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाए।
 
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा है, क्योंकि राजामहेंद्रवरम के नजदीक डोवालेश्वरम में सर आर्थर कॉटन बांध की तीसरी चेतावनी जारी है। पूर्वी गोदावरी जिले में 95 राहत शिविर खोले गए हैं, जहां बाढ़ प्रभावित गांवों के 14,477 लोगों को रखा गया है। जिलाधिकारी मुरलीधर रेड्डी के मुताबिक 23 राजस्व मंडलों के तहत 147 गांव बाढ़ के कारण जलमग्न हैं।
 
पड़ोसी जिले पश्चिमी गोदावरी में 3 मंडलों के 55 गांव अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। जिले में 9 राहत केंद्र चल रहे हैं, जहां करीब 2,000 लोगों ने आश्रय ले रखा है। (भाषा) (प्रतीकात्मक चित्र)
अगला लेख
वकील का दावा, आदित्य ठाकरे से कभी नहीं मिली रिया चक्रवर्ती