मोदी की मां को गाली के खिलाफ बिहार बंद, दुकानें बंद, सड़कों पर प्रदर्शन
Bihar Band 2025 news : राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई गाली के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने आज बिहार बंद का आह्वान किया। इस दौरान राज्य में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर प्रदर्शनबंद के दौरान भाजपा को एनडीए के सभी घटक दलों का साथ मिला।
पार्टी ने आज सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का एलान किया गया था। इस दौरान राज्यभर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मां को गाली देना देश कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। बंद की वजह से अधिकांश दुकानें बंद दिखाई दी।
पटना, आरा, कटिहार, दरभंगा, वैशाली, लखीसराय, जमुई समेत पूरे बिहार में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर झंडे और तख्तियां लेकर उतरे। इस दौरान राहुल गांधी और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
माँ का अपमान, नहीं सहेगा बिहार!
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) September 4, 2025
सड़कों पर उमड़ी नारीशक्ति की ललकार ने बता दिया —
हर माँ का सम्मान है, बिहार की शान!
RJD-Congress की ओछी राजनीति और अपमानजनक भाषा पर अब बिहार की महिलाएँ चुप नहीं।#माँ_का_अपमान_नहीं_सहेंगे pic.twitter.com/ainp0jhrEa
किसने कहे थे मोदी की मां को अपशब्द : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा नाम के एक व्यक्ति ने की थी। यह घटना बिहार के दरभंगा में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई थी। इस टिप्पणी के लिए मोहम्मद रिजवी को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी, क्योंकि यह घटना उनके मंच से हुई थी। हालांकि, नौशाद ने यह कहते हुए माफी मांगी थी कि वह उस समय मंच पर मौजूद नहीं थे।
क्या बोले थे मोदी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपनी मां को याद करके भावुक हो गए थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के मंच से मेरी स्वर्गीय मां को गाली दी गई। मां का अपमान पीड़ा देने वाला है। यह मेरी मां का नहीं बल्कि भारत की करोड़ों माताओं और बेटियों का अपमान है।
प्रधानमंत्री मोदी ने राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों को देश और बिहार की सत्ता परिवार की विरासत लगती है। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती पर हमेशा मां का सम्मान होता है। मां का सम्मान ही बिहार की पहचान है। उन्होंने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गाली दिलवाई गई। गाली मुझे नहीं करोड़ों माताओं को दी गई है। मोदी ने कहा कि उनका कोई बड़ा नेता मुझे गाली देने में पीछे नहीं है। कोई मुझे नीच कहता है, कोई नाली का कीड़ा कहता है। इनकी नामदार वाली सोच उजागर हो रही है।
edited by : Nrapendra Gupta

