महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन, मेवाड़ के पूर्व राज परिवार से क्या था कनेक्शन?
Arvind Singh Mewar news in hindi : मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का उदयपुर में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। अरविंद सिंह मेवाड़ लंबे समय से बीमार थे और उदयपुर स्थित उनके आवास पर उनका इलाज किया जा रहा था।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। वह भगवंत सिंह मेवाड़ और सुशीला कुमारी के पुत्र थे। उनके बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का पिछले साल नवंबर में निधन हो गया था।
कौन थे अरविंद सिंह मेवाड़ : अरविंद सिंह मेवाड़ का जन्म 13 दिसंबर 1944 को उदयपुर के सिटी पैलेस में हुआ था। अरविंद सिंह एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अजमेर के मेयो कॉलेज से की। महाराणा भूपाल कॉलेज से आर्ट्स से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद ब्रिटेन के सेंट एलबंस मेट्रोपोलिटन कॉलेज से उन्होंने होटल मैनेजमेंट की डिग्री ली।
भगवंत सिंह ने 15 मई 1984 को अपनी वसीयत में छोटे बेटे अरविंद सिंह को संपत्तियों का एक्ज्यूक्यूटर बनाया था। साथ ही महेंद्र सिंह को ट्रस्ट और संपत्ति से बेदखल कर दिया गया। 3 नवंबर 1984 को भगवंत सिंह का निधन हो गया था।
भगवंत सिंह के बेटे महेंद्र सिंह व अरविंद सिंह के परिवार के बीच 1984 से संपत्ति विवाद चल रहा था। अब यही विवाद महेंद्र सिंह बेटे विश्वराज सिंह और अरविंद सिंह के बेटे लक्ष्यराज सिंह तक पहुंच गया। श्री एकलिंगजी मंदिर और सिटी पैलेस दोनों महेंद्र सिंह के छोटे भाई अरविंद सिंह के नियंत्रण में था। वे श्री एकलिंगजी ट्रस्ट के अध्यक्ष और प्रबंध ट्रस्टी थे।
edited by : Nrapendra Gupta