राजपाल को हटाओ, झोटवाड़ा बचाओ...
मुकेश बिवाल, जयपुर से
जयपुर में भाजपा द्वारा घोषित कुछ उम्मीदवारों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। झोटवाड़ा क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ विरोध के सुर बुलंद कर दिए हैं। शनिवार को क्षेत्र के लोगों ने हाथों में पोस्टर लेकर भाजपा के उम्मीदवार राजपालसिंह शेखावत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी अपने हाथों में पोस्टर लिए हुए थे, जिन पर लिखा हुआ था- 'राजपाल हटाओ, झोटवाड़ा बचाओ, दूसरा लाओ'। शेखावत वर्तमान में भी इसी क्षेत्र से विधायक हैं।हालांकि राजपाल का विरोध करने वाले लोग किसी दूसरे नाम का समर्थन नहीं कर रहे हैं, साथ ही यहां फिलहाल कोई ऐसा दावेदार भी सामने नहीं है, जिसे पार्टी टिकट दे सके। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यहां से उम्मीदवार बदलने की संभावना नहीं के बराबर है, लेकिन यह माना जा रहा है कि चुनाव में राजपाल को मुश्किलों का सामना जरूर करना पड़ सकता है। दूसरी ओर कांग्रेस ने यहां से अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है।राजपालसिंह छात्र जीवन से ही राजनीति कर रहे हैं। वे जयपुर यूनिवर्सिटी प्रेसीडेंट रहने के साथ ही भैरोंसिंह के मुख्यमंत्रित्वकाल में झोटवाड़ा क्षेत्र से ही विधायक रह चुके हैं।