1. धर्म-संसार
  2. व्रत-त्योहार
  3. तीज त्योहार
  4. Learn about the significance of Gopashtami and the legend associated with it

Gopashtami 2026: आज ही के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार चराई थी गायें, जानें गोपाष्टमी का महत्व और पौराणिक कथा

People are worshipping cows on Gopashtami
Gopashtami 2026: हिंदू धर्म में गाय को केवल एक पशु नहीं, बल्कि माता के समान पूजनीय माना गया है। यही वजह है कि हिंदू धर्म के कई प्रमुख पर्वों और धार्मिक अनुष्ठानों में गाय की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है। इन्हीं पर्वों में एक है गोपाष्टमी, जिसका संबंध सीधे भगवान श्रीकृष्ण के बाल जीवन और उनकी गौचारण लीला से जुड़ा हुआ है। आज ही के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायें चराई थीं। आइए जानते हैं गोपाष्टमी के महत्व और इससे जुड़ी पौराणिक कथा के बारे में विस्‍तार से... 
 

क्या है गोपाष्टमी का धार्मिक महत्व?

गोपाष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के गौप्रेम और गौ सेवा की परंपरा को समर्पित है। धार्मिक मान्यता है कि गाय में समस्त देवी-देवताओं का वास होता है। इसलिए गौ माता की सेवा करना और उन्हें भोजन कराना पुण्यदायी माना जाता है। सनातन धर्म में गाय को समृद्धि, पोषण और त्याग का प्रतीक माना गया है। गाय से प्राप्त दूध, दही, घी, गोबर और गोमूत्र का धार्मिक अनुष्ठानों में अलग-अलग रूपों में उपयोग किया जाता है।
इसी कारण प्राचीन भारतीय परंपरा में गाय को परिवार और समाज के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है। गोपाष्टमी के दिन श्रद्धालु गौ माता की पूजा करके भगवान श्रीकृष्ण से परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना करते हैं। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक गौ सेवा करने से भगवान गोपाल की कृपा प्राप्त होती है। सनातन परंपरा में गौ माता को सुख, समृद्धि, पवित्रता और कल्याण का प्रतीक माना जाता है।
 

कब मनाई जाती है गोपाष्टमी?

इस साल 17 नवंबर, मंगलवार को गोपाष्टमी मनाई जाएगी। ब्रज क्षेत्र में इस पर्व का विशेष महत्व है। मथुरा, वृंदावन, गोकुल और बरसाना सहित भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े तीर्थस्थलों पर गोपाष्टमी का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है।
 
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार बड़ी गायों को चराने का कार्य शुरू किया था। इससे पहले वह केवल बछड़ों की देखभाल किया करते थे। इसी घटना की स्मृति में हर साल गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन गौ माता की पूजा, सेवा और उन्हें भोजन कराने की परंपरा है। 

गोपाष्टमी से जुड़ी भगवान श्रीकृष्ण की पौराणिक कथा

गोपाष्टमी की परंपरा के पीछे भगवान श्रीकृष्ण के बाल जीवन से जुड़ी एक बेहद रोचक कथा प्रचलित है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण गोकुल में बाल लीलाएं कर रहे थे, तब उन्हें गायों और बछड़ों से विशेष लगाव था। वह अपने सखा ग्वाल बालों के साथ बछड़ों को चराने के लिए वन और मैदानों में जाया करते थे।
 
कान्हा को गायों की सेवा करना और उनके साथ समय बिताना बेहद प्रिय था। जैसे-जैसे उनकी आयु बढ़ने लगी, उन्होंने बड़ी गायों को चराने की इच्छा जताई। एक दिन उन्होंने माता यशोदा से कहा कि अब वह बछड़ों के बजाय गायों को चराने जाना चाहते हैं।
 
माता यशोदा के लिए कान्हा अभी भी छोटे बालक थे। इसलिए वह उन्हें बड़ी गायों को चराने के लिए भेजने को लेकर चिंतित थीं लेकिन श्रीकृष्ण अपनी बात पर अड़े रहे। इसके बाद माता यशोदा ने नंद बाबा से इस विषय में चर्चा की। नंद बाबा ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार ऋषियों से परामर्श लिया और शुभ मुहूर्त निकलवाया।
मान्यता है कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार बड़ी गायों को चराने के लिए प्रस्थान किया। इस दिन से उनकी गौचारण लीला का एक नया अध्याय शुरू हुआ। इसी पावन घटना की याद में गोपाष्टमी मनाई जाने लगी।
 

गोपाष्टमी पर क्यों की जाती है गायों की पूजा?

गोपाष्टमी के दिन गायों की पूजा करने के पीछे धार्मिक और सांस्कृतिक दोनों तरह की मान्यताएं हैं। हिंदू धर्म में गाय को मातृत्व, करुणा और नि:स्वार्थ सेवा का प्रतीक माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, गौ माता की सेवा करने से देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इस दिन गाय को भोजन कराना, उसकी देखभाल करना और गौशाला में दान देना शुभ माना जाता है।
गोपाष्टमी पर सबसे पहले गायों और उनके बछड़ों को स्नान कराया जाता है। इसके बाद उन्हें साफ-सुथरे वस्त्रों, रंगों और फूलों की मालाओं से सजाया जाता है। उनके माथे पर रोली और चंदन से तिलक लगाया जाता है। इस दिन गायों को हरा चारा, गुड़, फल और अन्य उपयुक्त खाद्य पदार्थ खिलाने की परंपरा है। जो लोग घर पर गायों की पूजा नहीं कर पाते, वे गौशाला जाकर गायों को चारा खिलाते हैं।
अगला लेख
14 November Birthday: आपको 14 नवंबर, 2026 के लिए जन्मदिन की बधाई!