1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई सिनेमा

ऐश्वर्या छाईं बर्लिन समारोह में

ऐश्वर्या राय बच्चन
ND
बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन का 49वें अंतरराष्ट्रीय बर्लिन फिल्म समारोह में भव्य स्वागत किया गया, जहाँ वे अपने प्रशंसकों और वैश्विक मीडिया के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

गुलाबी रंग का लम्बा परिधान धारण किए हुए बीती रात जब ऐश्वर्या अपनी हॉलीवुड फिल्म पिंक पैंथर-2 फिल्म के प्रदर्शन की औपचारिक शुरुआत करने मुख्य समारोह स्थल बर्लिनेल पलास्ट पहुँचीं तो सैकड़ों प्रशंसकों ने उनका शानदार स्वागत किया। पिंक पैंथर-2 में ऐश्वर्या ने सहायक अभिनेत्री की भूमिका निभाई है।

बर्लिन में शून्य से कम तापमान में ऐश्वर्या ने बड़ी सहजता का प्रदर्शन किया और लगभग 15 मिनट तक प्रशंसकों को ऑटोग्राफ देती रहीं और फोटो खिंचवाती रहीं। ऐश्वर्या ने फिल्म समारोह में विभिन्न टीवी चैनलों को साक्षात्कार भी दिया।

समारोह में उनके साथ हॉलीवुड के स्टार कॉमेडियन स्टीव मार्टिन तथा फ्रांस के सुपरस्टार ज्यां रेनो भी उपस्थित थे जो इस फिल्म में प्रमुख भूमिका में हैं। अंतरराष्ट्रीय मीडिया के प्रश्नों का उत्तर देते हुए ऐश्वर्या ने कहा कि इस फिल्म में छोटी भूमिका के बावजूद वर्ष 2006 की हिट फिल्म के सिक्वल का हिस्सा बनने से वे काफी खुश हैं।

उन्होंने कहा कि इस फिल्म में स्टीव मार्टिन, ज्यां रेनो, जॉन क्लीज, एंडी गर्सिया, एन्फ्रेड मालिना और एमली मोर्टिमर के साथ काम कर अपने आपको सम्मानित महसूस कर रही हैं।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें