1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई गतिविधि

मॉडलिंग एजेंसी पर नस्लवाद का आरोप

मॉडलिंग एजेंसी
ND

भारतीय मूल की मॉडल ने ऑस्ट्रेलिया में एक स्थानीय मॉडलिंग एजेंसी पर नस्ली भेदभाव का आरोप लगाया है। स्थानीय समाचार पत्र ‘डब्ल्यूए टुडे’ के मुताबिक 25 वर्षीय मॉडल केमा राजेंद्रन ने पर्थ स्थित एजेंसी ‘चाडविक मॉडल्स’ पर यह आरोप लगाया है और कहा कि वह काकेशियाई नहीं हैं, इसलिए उनके साथ नस्ली भेदभाव किया गया।

ब्रिटेन में मॉडल के रूप में दो वर्ष तक काम कर चुकी केमा ने ई-मेल के जरिए इस एजेंसी अपनी तस्वीरें और प्रोफाइल भेजा था।

उनके मुताबिक इसके कुछ दिनों बाद ही इस एजेंसी से ई-मेल के जरिए जवाब दिया गया, ‘हमारा मानना है कि आप (केमा) बहुत आकर्षक हैं और हमारे काम के जरूरत के मुताबिक भी हैं। कृपया इस बात पर ध्यान दीजिए कि आप काकेशियाई नहीं है, इसलिए पर्थ में काम के अवसर आपके लिए सीमित हैं।

केमा ने ऑस्ट्रेलिया के बहुसांस्कृतिक समाज का हवाला देते हुए कहा कि वह एजेंसी के जवाब से चौंक गईं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके बोलने से यहाँ कुछ बदलाव होगा। उधर, एजेंसी की प्रबंधक तान्या मुइया ने कहा, ‘मैं यह बात सुनकर आश्चर्य में हूँ कि मॉडलिंग एजेंसी पर भी नस्ली भेदभाव के आरोप मढ़ दिए जा सकते हैं। यह बात आधारहीन है। यह नस्ली भेदभाव का कोई मामला नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘अगर हमें नहीं लगता कि पर्थ में उन्हें काम मिलेगा तो हमने इसके बारे में बता दिया। हमें अपनी ईमानदार राय देने की आजादी है। हम नस्ली भेदभाव नहीं करते। हम सभी संस्कृतियों के लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं।’ (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें