1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update : Assam flood

मौसम अपडेट, असम में बाढ़ का कहर, पूर्वोत्तर के तीन राज्यों की स्थिति में सुधार

Weather Update
नई दिल्ली। असम में बाढ़ से हालात अब भी बेहाल है। यहां बाढ़ के कारण करीब साढ़े पांच लाख लोग प्रभावित हुए हैं। असम को छोड़कर बाकी पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है। असम में दो लोगों की मौत के साथ क्षेत्र में बाढ़ जनित घटनाओं में कुल 25 लोगों की मौत हो चुकी है।
 
मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में जलस्तर घट रहा है जबकि असम के छह प्रभावित जिले में बाढ़ की समस्या और विकराल हो गई है।
 
असम में बाढ़ से 14 की मौत, फसल बर्बाद : बाढ़ के कारण राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है और करीब साढ़े पांच लाख लोग प्रभावित हुए हैं। 2,186 हेक्टेयर की फसल बर्बाद होने की खबर है। धनसिरी, बराक और कुशियारा समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ के कारण दक्षिणी असम में रेल सेवा अभी तक पूरी तरह से बहाल नहीं हुई है, हालांकि बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुए रेल लाइनों को दुरूस्त कर लिया गया है।
 
त्रिपुरा में बाढ़ से कुछ राहत मिली : बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित त्रिपुरा में स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि सभी बड़ी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे बह रहा है। उनाकोटी जिला मजिस्ट्रेट डी दरलोंग ने कैलाशहर से फोन पर बताया कि राहत सेवाएं, भोजन और दवाइयां पहुंचाने का काम अब पूरी गति में है। हम स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए हैं।
 
मिजोरम और मणिपुर में स्थिति में सुधार : मिजोरम में तीन नदियों में जलस्तर घटने से स्थिति में सुधार हुआ है। मणिपुर में भी हालात ठीक हुए हैं। इंफाल घाटी में अधिकतर नदियां खतरे के स्तर से नीचे बह रही हैं। 
अगला लेख
जांच पूरी होने तक छुट्टी पर चंदा कोचर, आईसीआईसीआई बैंक ने संदीप बख्शी को बनाया सीओओ