सम्बंधित जानकारी
- दिल्ली में पेट्रोल पंपों की हड़ताल, वाहन चालक हुए परेशान
- दिल्ली में डीटीसी, ऑटो टैक्सी व पेट्रोल पंप की हड़ताल, लोगों को हुईं भारी दिक्कतें
- ओडिशा : पेट्रोल से महंगा बिक रहा है डीजल, सरकार ने केंद्र को ठहराया जिम्मेदार
- दिल्ली में पेट्रोल अलर्ट...वैट घटाने से इनकार करने के विरोध में आज बंद रहेंगे पेट्रोल पंप
- लगातार चौथे दिन सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल, जानिए आज क्या है दाम...
पिछले 8 दिन में पेट्रोल 2 रुपए, डीजल 1 रुपए सस्ता हुआ
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के भाव गिरने से पिछले 8 दिनों में घरेलू बाजार में पेट्रोल करीब 2 और डीजल का दाम 1 रुपए प्रति लीटर सस्ता हुआ है। एक आधिकारिक वक्तव्य में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।
पिछले 8 दिनों में पेट्रोल 1.98 रुपए लीटर और डीजल 0.96 रुपए प्रति लीटर सस्ता हुआ है। आकलन के मुताबिक आने वाले दिनों में दाम और घट सकते हैं। बयान में कहा गया कि दिल्ली में पेट्रोल अब 80.85 रुपए लीटर और डीजल 74.73 रुपए प्रति लीटर के दाम पर बिक रहा है।
दिल्ली में 4 अक्टूबर को पेट्रोल और डीजल क्रमश: 84 और 75.45 रुपए प्रति लीटर की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। इसके बाद केंद्र सरकार ने इन ईंधनों के दाम में उत्पाद शुल्क कटौती और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों की 1 रुपए की सहायता को मिलाकर कुल ढाई रुपए प्रति लीटर राहत देने की घोषणा की थी। इस कटौती और छूट के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 81.50 रुपए और डीजल का दाम 72.95 रुपए प्रति लीटर पर आ गया।
बयान में कहा गया कि इस कटौती के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने शुरू हो गए और घरेलू बाजार में पेट्रोल का दाम पुन: बढ़ता हुआ 82.83 रुपए और डीजल का दाम 75.69 रुपए प्रति लीटर तक चढ़ गया।
लेकिन पिछले 7-8 दिनों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम गिरने के बाद और डॉलर के मुकाबले रुपए की दर में कुछ सुधार आने से ईंधनों के दाम में कमी आई है। इन दोनों सकारात्मक घटनाक्रमों से ईंधन के दाम 6 सप्ताह के निम्न स्तर पर आ गए। बयान में कहा गया है कि आकलन के मुताबिक अगले कुछ दिन में ईंधन की खुदरा कीमतें और कम हो सकती हैं। (भाषा)
