सम्बंधित जानकारी
- जम्मू में 3 हफ्ते में 3 आतंकी हमले, फिर भी दावा परिंदा पर नहीं मार सकता
- पाकिस्तान में TTP आतंकियों ने थाने पर किया हमला, 3 पुलिसकर्मियों की मौत
- Kabul Blast : काबुल में विदेश मंत्रालय के पास आत्मघाती हमला, कम से कम 20 लोगों की मौत
- Terrorist attack : घर में घुसे आतंकियों ने जमकर चलाई गोलियां, कुत्ते ने इस तरह बचाई परिवार के 3 लोगों की जान
- गणतंत्र दिवस पर आतंकी हमलों का खतरा, डांगरी नरसंहार के बाद हिन्दू बहुल क्षेत्रों में डर का माहौल
Delhi: बीचबचाव करना पड़ा महंगा, हेडकांस्टेबल पर कर दिया चाकू से हमला
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के छावला इलाके में एक ऑटो रिक्शा चालक और कुछ लोगों के बीच हुए झगड़े को शांत कराते समय एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस के एक हेडकांस्टेबल पर चाकू से कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेडकांस्टेबल गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार शाम की है, जब छावला थाने के सहायक उपनिरीक्षक सुनील और हेडकांस्टेबल रिंकू कुतुब विहार इलाके में गश्त पर थे। रात करीब 8 बजकर 35 मिनट पर उन्हें इलाके में एक झड़प की सूचना देने के लिए फोन आया। वे मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग वहां एक ऑटो रिक्शा चालक से झगड़ा कर रहे थे।
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) हर्षवर्धन ने बताया कि पुलिस ने जब झगड़ा रोकने की कोशिश की तो ऑटो रिक्शा वाले से झगड़ा कर रहे लोगों में से एक ने हेडकांस्टेबल रिंकू पर 2 बार चाकू से हमला कर दिया। हमलावर की पहचान सनी उर्फ शूटर के तौर पर हुई है, जो इलाके का कुख्यात बदमाश है। उन्होंने बताया कि रिंकू को अस्पताल ले जाया गया, उसके घाव गहरे हैं और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने सन्नी तथा उसके अन्य साथियों की तलाश शुरू की और उन्हें सूचना मिली कि वह कुतुब विहार में भाई-भाई मार्ग पर एक मकान में हैं। पुलिस देर रात करीब 2.30 बजे मौके पर पहुंची तो सन्नी ने उन पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए 3 गोलियां चलाईं, सन्नी के पैर में गोली लगी है।
हर्षवर्धन ने बताया कि सन्नी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि कुल 3 लोगों को मकान में से गिरफ्तार किया गया। मौके से 1 देशी तमंचा, 3 कारतूस और 1 चाकू भी बरामद हुआ है। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
