1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. ISRO XPoSat mission will be launched today

ISRO का XPoSat मिशन आज होगा लॉन्च, ब्लैक होल स्टडी करने वाला दूसरा देश बनेगा भारत

ISRO XPoSat Mission
File photo
XPoSat Mission : नए साल का श्री गणेश एक नई उपलब्धि से होगी। आज इसरो XPoSat मिशन लॉन्च करेगा। इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) ने साल के पहले ही स्पेस मिशन की तैयारी कर ली थी।

इसरो 'एक्स-रे पोलेरिमीटर सैटेलाइट' (एक्सपोसैट) मिशन को एक जनवरी की सुबह 9.10 बजे लॉन्च करने वाला है। 2023 में चंद्रयान-3 मिशन के जरिए चांद पर पहुंचने और आदित्य एल-1 मिशन के जरिए सूर्य तक सफर की शुरुआत के बाद इसरो इस साल स्पेस सेक्टर में अपना पहला कदम बढ़ाने जा रहा है।

श्रीहरिकोटा से साल का पहला मिशन : इसरो ने ट्वीट में बताया कि आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से साल का पहला मिशन लॉन्च किया जाएगा। मिशन की लॉन्चिंग के साथ ही भारत दुनिया का दूसरा ऐसा देश बन जाएगा, जिसने ब्लैक होल और न्यूट्रॉन स्टार्स की स्टडी के लिए स्पेशलाइज्ड एस्ट्रोनॉमी ऑब्जर्वेट्री को स्पेस में भेजा है। एक्सपोसैट एक तरह से रिसर्च के लिए एक ऑब्जर्वेट्री है, जो अंतरिक्ष से ब्लैक होल और न्यूट्रॉन स्टार्स के बारे में ज्यादा जानकारी जुटाएगी।

कहां स्थापित होगा सैटेलाइट : अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने 2021 में 'इमेजिंग एक्स-रे पोलेरिमीटरी एक्सप्लोरर' (IXPE) नाम से मिशन लॉन्च किया था। इसके जरिए वर्तमान में ब्लैक होल समेत अंतरिक्ष में मौजूद अन्य चीजों की स्टडी हो रही है। एक्सपोसैट को पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल के जरिए अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। पीएसएलवी रॉकेट के जरिए एक्सपोसैट सैटेलाइट को अंतरिक्ष में भेजा जाना है। ये सैटेलाइट पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित होगा, जहां से पृथ्वी की दूरी 650 किमी है।

कब होगा लॉन्च : इसरो एक्सपोसैट मिशन को सोमवार सुबह 9.10 बजे श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च करेगा। लॉन्च को अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव देखा जा सकेगा. इसरो की ऑफिशियल वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज पर लॉन्चिंग का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
Edited by navin rangiyal 
अगला लेख
Happy New Year 2024 : नए साल के स्वागत के जश्न में डूबी दुनिया, 2024 का आगाज