आईएनएस अरिहंत नौसेना में शामिल, अब पानी से भी परमाणु हमला कर सकेगा भारत
Publish Date: Tue, 18 Oct 2016 (14:47 IST)
Updated Date: Tue, 18 Oct 2016 (14:55 IST)
नई दिल्ली। अब भारत जमीन, समुद्र या हवा कहीं से भी परमाणु हमला कर सकेगा। भारत ने इस साल अगस्त में ही देश में बने परमाणु पनडुब्बी आईएनएस अरिहंत को नौसेना में शामिल कर लिया था।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की खबर के मुताबिक फरवरी 2016 में इसे ऑपरेशन के लिए तैयार घोषित किया गया था, जिसके बाद अगस्त 2016 में पीएम मोदी ने बेहद गुप्त कार्यक्रम में इस पनडुब्बी को नौसेना को सौंप दिया।
आईएनएस अरिहंत के जरिए 750 किलोमीटर और 3500 किलोमीटर दूरी पर निशाना लगाया जा सकेगा। इसके साथ ही भारत का छठा ऐसा देश बन गया है जिसके पास जल, थल और वायु में परमाणु ताकत का त्रय पूरा हो चुका है। भारत से पहले अमेरिका, यूके, फ्रांस, रूस और चीन के पास यह त्रय पूरा हो चुका है।
भारत ऐसी तीन पनडुब्बियों का निर्माण कर रहा है, जिनमें से अरिहंत पहली है। इसे दुनिया से छिपा कर रखा गया था।