1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. heavy rain in mumbai rain

मुंबई में भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

mumbai rain
Mumbai rain : मुंबई में बुधवार को भारी बारिश हुई और उपनगर मलाड में एक पेड़ गिरने से एक शख्स की मौत हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है और अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है।
 
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुताबिक, मुंबई में बीते 24 घंटे में पेड़ गिरने की 26, शॉर्ट सर्किट की 15 और मकान ढहने या मकान का हिस्सा ढहने की 5 घटनाएं हुई हैं। बीएमसी के अधिकारियों के मुताबिक, निचले इलाकों में किसी बड़े जलजमाव की कोई खबर नहीं है।
 
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि कौशल दोशी नामक 38 वर्षीय शख्स पश्चिमी उपनगर मलाड के मामलेदरवाड़ी जंक्शन पर एक पेड़ गिरने से घायल हो गया। उसे नगर निगम संचालित शताब्दी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे मार्गों पर उपनगरीय ट्रेन का सामान्य रूप से परिचालन हो रहा है, हालांकि परिचालन में कुछ मिनट की देरी हुई है।
 
शहर, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में बुधवार सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच क्रमश: 12.44 मिमी, 42.41 मिमी और 40.46 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
अगला लेख
Uniform Civil code : UCC पर पीएम मोदी के बयान से क्यों नाराज है मुस्लिम?