1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Haryana Assembly Elections

हरियाणा चुनाव, कांग्रेस ने किया 84 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान, केवल रेणुका का टिकट काटा

Haryana Assembly Elections
नई दिल्ली। कांग्रेस ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने 84 उम्मीदवारों के नामों की सूची बुधवार रात को जारी कर दी। पार्टी ने केवल एक मौजूदा विधायक को छोड़कर बाकी सबको टिकट दिया है।
 
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी सूची के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई सीट से और कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला कैथल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस के 17 विधायक हैं जिनमें से पार्टी ने केवल रेणुका विश्नोई को उम्मीदवार नहीं बनाया है, जो हांसी से विधायक हैं।
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के दोनों बेटों कुलदीप विश्नोई और चंद्र मोहन को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है। विश्नोई हिसार की आदमपुर सीट से वहीं उनके भाई और पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्र मोहन पंचकुला से चुनाव लडेंगे।
 
पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के बेटे रणवीर महिंद्रा बधरा से और पुत्रवधू किरण चौधरी तोशाम से किस्मत आजमाएंगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा को पार्टी ने गनौर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। इस सूची में हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के नाम नहीं हैं।
अगला लेख
बंगाल क्रिकेट टीम के कप्तान के पिता के घर डकैती, बीएसएफ के पूर्व अधिकारी सहित 4 लोग गिरफ्तार