सम्बंधित जानकारी
- Weather update : उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी, चंडीगढ़ में कई उड़ानें बाधित
- हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी में फंसे 170 छात्रों को बचाया गया, राजस्थान का नागौर बना कश्मीर
- बर्फ का कहर, आखिर पाकिस्तान पर क्यों भरोसा करे भारतीय सेना?
- शिमला से कुफरी तक पर्यटन स्थलों पर रातभर बर्फबारी, जानिए कहां गिरी कितनी बर्फ
- बर्फ का नजारा और भगवती दर्शन की है इच्छा तो चले आइए वैष्णो देवी के दरबार में
Weather update : पश्चिमी विक्षोभ के कारण जारी रहेगी ठंड की ठिठुरन, 7 से 15 डिग्री रह सकता है तापमान
नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी से उत्तर के राज्यों में सर्द की ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी ऐसी ही सर्द हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने उत्तरी भारत के राज्यों में दिन का तापमान 7 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद जताई गई है।
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई इलाकों में अगले 2-3 दिन घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। 17 दिसंबर को भी दिन का तापमान कम रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 18 दिसंबर को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है जिससे ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड के मैदानी इलाकों समेत बिहार, झारखंड, राजस्थान और पूर्वोत्तर के कई राज्य कोहरे की चपेट में हैं। अगले कुछ दिन तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में सोमवार को फिर से बर्फबारी हुई और उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को शीतलहर जारी रही।
दिल्ली में अधिकतम तापमान मौसम के औसत से 10 डिग्री सेल्सियस कम रहा। उधर भारी कोहरे के कारण चंडीगढ़ में कई उड़ानें बाधित हो गईं। जम्मू-कश्मीर का द्रास सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 27.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। दिल्ली के लोगों ने सोमवार को भी शीतलहर का सामना किया।
दिल्ली-एनसीआर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने लगी है। सोमवार को दिल्ली में 16 साल बाद सबसे सर्द दिन रिकॉर्ड किया गया। दिन का तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10 डिग्री कम है। इससे पहले 25 दिसंबर, 2003 को पारा 12.3 डिग्री तक गिर गया था। मौसम विभाग ने बुधवार तक ऐसी ठंड रहने का अनुमान जताया है।
