CEC ज्ञानेश के इस्तीफे पर अड़ी CJP, 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन का ऐलान
CJP Abhijit Dipke: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सीईसी को दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद अब देशव्यापी आंदोलन की तारीख का ऐलान कर दिया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि यदि सीईसी इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) से मुंबई से राष्ट्रीय स्तर का विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जो आगे चलकर दिल्ली में अनिश्चितकालीन 'जंतर-मंतर 2.0' का रूप लेगा।
सीजेपी का बड़ा ऐलान
एक मीडिया रिपोर्ट में निर्वाचन आयोग के आंतरिक मतभेद उजागर होने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चौतरफा हमलों से घिर गए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीईसी से 48 घंटे के भीतर पद छोड़ने की मांग की थी। ALSO READ: भारत के दुश्मन हैं CEC ज्ञानेश कुमार, SIR पर CJP नेता अभिजीत दीपके ने भी खोला मोर्चा
इसके बाद, आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट करते हुए दीपके ने आंदोलन की तारीख और स्थान की आधिकारिक घोषणा कर दी। उन्होंने लिखा कि अगर ज्ञानेश कुमार शनिवार तक इस्तीफा नहीं देते हैं तो CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) 2 अक्टूबर को मुंबई से अपना देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेगा और इसे भारत भर के शहरों तक ले जाएगा। पोस्ट में आगे लिखा- आइए, इस गांधी जयंती पर लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लें।
'इलेक्शन कमीशन ठीक करो' अभियान
इससे पूर्व गुरुवार को सीजेपी ने 'इलेक्शन कमीशन ठीक करो' अभियान का औपचारिक आगाज किया। पार्टी का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया के तहत देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की प्रारूप मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक वैध मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। दीपके ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश की चुनावी प्रक्रिया में धांधली की जा रही है और नागरिकों से उनका सबसे पवित्र संवैधानिक अधिकार 'मतदान का अधिकार' छीना जा रहा है। ALSO READ: क्यों भड़के CJP नेता आशुतोष रांका? कहा- बंद कर देनी चाहिए चुनाव प्रक्रिया
'जंतर-मंतर 2.0' की चेतावनी
दीपके ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यदि 48 घंटे की समय सीमा के भीतर सीईसी का इस्तीफा नहीं आता है, तो पार्टी राज्यों के विभिन्न शहरों में प्रदर्शन करते हुए अंततः देश की राजधानी दिल्ली का रुख करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि राजधानी में होने वाला यह प्रदर्शन 'जंतर-मंतर 2.0' का रूप लेगा, जहां पार्टी के कार्यकर्ता और आम नागरिक अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
राहुल गांधी ने भी मांगा इस्तीफा
उल्लेखनीय है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश को इस्तीफा देकर सरकारी गवाह बन जाना चाहिए।

