1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP mla controversial statement on rape

भाजपा विधायक का विवादित बयान, भगवान राम भी आ जाएं तो भी नहीं रुकेंगे बलात्कार

BJP mla
नई दिल्ली। भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने बलिया में उन्नाव की गैंगरेप की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवान राम भी आ जाए तो ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना संभव नहीं है। 
 
उन्होंने कहा कि यह समाज का स्वाभाविक प्रदूषण है, जिससे कोई भी वंचित नहीं रहने वाला है।
 
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सभी का धर्म है कि समाज के सभी लोगों को अपना परिवार समझे, सभी को अपनी बहन समझने के धर्म का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्‍कार के बल पर ही इस पर नियंत्रण होगा। संविधान के बल पर नियंत्रण नहीं होगा।
 

उल्लेखनीय है कि सुरेंद्र सिंह पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। उन्होंने एक बयान में कहा था कि आगामी लोकसभा चुनाव में संस्कृतियों की लड़ाई होगी और यह धर्मयुद्ध होगा। इसमें महाभारत की तरह एक बार फिर कौरवों और पांडवों के बीच संस्कृतियों की लड़ाई होगी।

इस बयान में उन्होंने कहा कि पांडवों के दल में सेनापति और अर्जुन की भूमिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे तो दूसरी तरह कौरवों का दल कांग्रेस के नेतृत्व में होगा। इसमें धृतराष्ट्र की भूमिका सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव निभाएंगे। उन्होंने दावा किया था कि प्रजातांत्रिक महाभारत की लड़ाई में मोदी ही विजयी होंगे।
चित्र सौजन्य : ट्विटर
अगला लेख
जयपुर और आसपास के इलाकों में भूकंप के हल्के झटके