Thu, 23 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. मध्यप्रदेश
  4. Kamal Nath, Madhya Pradesh sonia gandhi

मप्र कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में कमलनाथ सबसे आगे

Kamal Nath
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव कमलनाथ ने अगले साल होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश पार्टी प्रमुख नियुक्त किए जा सकने की अटकलों के बीच पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। बैठक करीब डेढ़ घंटे चली और समझा जाता है कि नाथ ने मध्यप्रदेश के राजनीतिक हालात के बारे में सोनिया के साथ चर्चा की।
 
नाथ हरियाणा के पार्टी महासचिव प्रभारी भी हैं। कांग्रेस सभी चुनावी राज्यों में अपने संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। इसके तहत राजस्थान और गुजरात में ताजा कवायद की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई का पुनर्गठन आसन्न है क्योंकि नौ बार सांसद रहे नाथ प्रदेश पार्टी प्रमुख की दौड़ में सबसे आगे हैं।
 
नाथ मप्र के छिंदवाड़ा से नौ बार लोकसभा सदस्य रहे हैं। वे लोकसभा में कांग्रेस के वरिष्ठतम सदस्यों में एक हैं। समझा जाता है कि वे मप्र लौटने को इच्छुक हैं जहां पार्टी शिवराजसिंह चौहान नीत भाजपा से चुनौती का सामना कर रही है। राज्य में भगवा पार्टी करीब 14 साल से सत्ता में है। मप्र में मौजूदा कांग्रेस प्रमुख अरुण यादव हैं। उन्हें कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए चुना था। (भाषा)