1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. बंगारप्पा की आडवाणी को चुनौती

बंगारप्पा की आडवाणी को चुनौती

-वेबदुनिया डेस्क

कांग्रेस के प्रत्याशी और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा
शिमोगा लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस. बंगारप्पा ने मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा की चुनौती का जवाब दिया है कि अगर वे चाहें तो शिमोगा से भाजपा के उम्मीदवार और उनके बेटे, बी एस राघवेन्द्र और वे 30 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले कोई चुनाव प्रचार न करके देख लें कि कौन अधिक लोकप्रिय है।

भद्रावती तालुक के अनावेरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बंगारप्पा ने कहा कि अगर शिमोगा या बेंगलोर में खुली बहस हो तो वे भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्‍दों पर बहस करने के लिए तैयार हैं।

बंगारप्पा ने कहा कि वे मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के साथ किसी भी सार्वजनिक मंच पर आना ही नहीं चाहते क्योंकि वे मेरे बराबर नहीं हैं। वे भले ही मुख्यमंत्री हों लेकिन मुख्यमंत्री होने का मतलब यह नहीं है कि कुर्सी पर बैठा व्यक्ति बुद्धिमान और सुयोग्य है।

उनका कहना था कि यह बात गौर करने लायक बात है कि लोकसभा चुनाव बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्‍दों जैसे भारत-अमेरिका परमाणु करार, अर्थव्यवस्था की दशा और अन्य संबंधित मामलों पर लड़े जाते हैं। बंगारप्पा ने पूछा कि क्या येदियुरप्पा इतने सक्षम हैं कि वे इन महत्वपूर्ण मामलों पर उनके साथ बहस कर सकें ?

बंगारप्पा का कहना था कि मुस्लिमों पर वरुण गाँधी ने जिस तरह के बयान ‍‍द‍िए हैं उनका जिस तरह से समर्थन आडवाणी ने किया है, उससे लगता है कि वे कभी भी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएँगे।