अकेलापन एक मुआवजा है
जीवन के रंगमंच से
|
मैं अक्सर सोचता हूँ जो अकेले होते हैं, वे इसमें कैसे अपने पलों को गुजारते हैं। खिड़की से बादलों को सरकते हुए देखकर, आसमान का रंग नीला-सिंदूरी होते हुए... पंछियों को घर लौटते हुए या फिर खाली दोपहर में, उमस में और घुटन को सहते हुए, अपने पर से गुजर जाने देते हुए, मैं अकेले होते लोगों को देखता हूँ तो लगता है जैसे समय की धूल उनके चेहरे का रंग बदल रही है और अकेलापन उन्हें मृत्यु की
तरफ धकेल रहा है और वे इससे बेखबर अपनी धुन में समय को धूल में उड़ता हुआ देख रहे हैं।
|
एक तारे को अपलक देखता हूँ तो लगता है, वह अकेला है। इसी तरह एक नदी को, एक चंद्रमा को और फिर इस पृथ्वी को देखता हूँ तो लगता है ये सब अकेले ही हैं।
क्या हम अपने ही अकेलेपन को दूसरों के अकेलेपन में देखते हैं। क्या फूल, तारे, चंद्रमा और पृथ्वी के अकेलेपन में हम अपने ही अकेलेपन को अक्सर देखते हैं? और इससे बचने के लिये हम क्या-क्या जतन नहीं करते।
|
|
|
अधिकांश समय हम एक धुँध में रहते हैं, जिसे वर्जीनिया वुल्फ या प्रूस्त जैसे लेखक भेद देते हैं, उसे भेदकर उसके भीतर से जीवंत फड़कते-फड़फड़ाते संवेदनों को लाते हैं, जैसे वे जीवित तितलियाँ हों, अपनी कलम की नोक उनमें भोंककर कागज पर लाते हैं, लेकिन इतनी सफाई से कि उनके पंखों को जरा भी चोट नहीं पहूँचती।
वे वहाँ अपने रंगों के पूरे गौरव में आ बैठती हैं, कागज पर वैसी ही जीवित जैसी जब वे बाहर हवा और धुँध में उड़ रही थीं...
क्या मैं अपने अकेलेपन में, अकेले रहते हुए, अपने जीवन के संवेदनों को कभी इस तरह दर्ज कर पाऊँगा?
क्या आपको भी अकेलेपन से डर लगता है?

