1. समाचार
  2. टेक्नोलॉजी
  3. आईटी न्यूज़
  4. iphone 17 got expensive after iphone 18 pro series launch know why

सोचा था iPhone 18 प्रो आएगा तो 17 सस्ता होगा, Apple ने उल्टा बढ़ा दी कीमत, बने Memes

iphone 17 got expensive hindi news
Apple ने नई iPhone 18 Pro Series और अपने पहले Foldable iPhone Duo को लॉन्च कर दिया है। आमतौर पर नई सीरीज आने के बाद पुराने मॉडल्स की कीमतों में कटौती देखने को मिलती है, कई लोग इस चीज का इंतजार करते हैं कि वे नया फ़ोन लांच होने के बाद पुराना खरीदेंगे, लेकिन इस बार कहानी कुछ अलग है। एप्पल ने भारत में अपने कई मौजूदा आईफोन मॉडल्स की कीमतें बढ़ा दी हैं।
 
सबसे ज्यादा चर्चा आईफोन 17 की हो रही है, जिसकी शुरुआती कीमत में सीधे 17,000 रुपये का इजाफा किया गया है। पिछले साल 82,900 रुपये में लॉन्च हुआ इसका 256GB मॉडल अब 99,900 रुपये में लिस्ट किया गया है। यानी इसकी कीमत अब 1 लाख रुपये के आंकड़े से महज 100 रुपये दूर है। 512GB मॉडल की कीमत बढ़कर 1,24,900 रुपये हो गई है।

 आईफोन 17 के दाम में 17 हजार रुपये की बढ़ोतरी
 
भारत में आईफोन 17 को पिछले साल 256GB, 512GB और 1TB स्टोरेज विकल्पों के साथ लॉन्च किया गया था। इसका बेस 256GB मॉडल 82,900 रुपये में आया था। अब इसकी शुरुआती कीमत 99,900 रुपये हो गई है।
 
यानी सिर्फ बेस मॉडल पर ही ग्राहकों को 17,000 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे। वहीं 512GB मॉडल अब 1,24,900 रुपये में मिलेगा।
 
खास बात यह है कि कीमत बढ़ने के साथ आईफोन 17 के स्पेसिफिकेशंस में कोई नया अपग्रेड नहीं किया गया है। फोन में पहले की तरह 6.3 इंच का डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट, ऑलवेज-ऑन डिस्प्ले और 3,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। इसमें Ceramic Shield 2 ग्लास और एंटी-रिफ्लेक्टिव लेयर भी दी गई है।


आईफोन 16, आईफोन 17e और आईफोन Air भी हुए महंगे
 
एप्पल ने सिर्फ आईफोन 17 की कीमत नहीं बढ़ाई है। कंपनी ने आईफोन 16, आईफोन 17e और आईफोन Air के दाम में भी इजाफा किया है।
 
आईफोन 16 की कीमत अब 89,900 रुपये से शुरू होती है। इसकी पिछली शुरुआती कीमत 79,900 रुपये बताई गई थी, यानी इसमें करीब 10,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
 
वहीं आईफोन 17e का 256GB मॉडल अब 79,900 रुपये में लिस्ट है, जबकि 512GB मॉडल की कीमत 1,04,900 रुपये हो गई है। इसका शुरुआती लॉन्च प्राइस 64,900 रुपये था।
 
सबसे बड़ा झटका आईफोन Air खरीदने वालों को लगा है। इसका 256GB मॉडल अब 1,49,900 रुपये, 512GB मॉडल 1,74,900 रुपये और 1TB मॉडल 2,24,900 रुपये का हो गया है। इसकी शुरुआती कीमतें क्रमशः 1,19,900 रुपये, 1,39,900 रुपये और 1,59,900 रुपये थीं।


 
कीमत बढ़ी, लेकिन आईफोन 17 में नया क्या मिला?
 
दिलचस्प बात यह है कि आईफोन 17 की कीमत में भारी बढ़ोतरी के बावजूद हार्डवेयर में कोई नया अपग्रेड नहीं किया गया है।
 
फोन में एप्पल का A19 चिपसेट  दिया गया है, जिसे कंपनी ने आने वाले AI फीचर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है। कैमरे की बात करें तो इसमें 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा, 2x ऑप्टिकल-क्वालिटी टेलीफोटो क्रॉप और 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। फ्रंट में 18 मेगापिक्सल का स्क्वायर सेंसर और Center Stage फीचर दिया गया है।
 
बैटरी को लेकर कंपनी का दावा है कि आईफोन 17 में 30 घंटे तक का वीडियो प्लेबैक मिल सकता है, जो आईफोन 16 की तुलना में 8 घंटे ज्यादा है।
 
आखिर क्यों बढ़ रही हैं आईफोन की कीमतें?
 
कीमतों में इस बदलाव की एक बड़ी वजह RAM और मेमोरी की बढ़ती मांग को माना जा रहा है। AI का तेजी से विस्तार हो रहा है और डेटा सेंटर व AI कंपनियों को बड़ी मात्रा में मेमोरी की जरूरत पड़ रही है। इससे मेमोरी सप्लायर्स पर दबाव बढ़ा है और कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
 
स्मार्टफोन मार्केट में इसका असर सिर्फ एप्पल तक सीमित नहीं है। एंड्रॉयड फोन की कीमतों में भी मेमोरी की बढ़ती लागत का असर देखने को मिल रहा है।
 
एप्पल ने इससे पहले भी इस साल अपने मैकबुक और आईपैड समेत कई प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। ऐसे में आईफोन की कीमत बढ़ने की संभावना पहले से जताई जा रही थी।
 
 फेस्टिव सीजन में आईफोन खरीदने वालों को बड़ा झटका
 
भारत में नवरात्र और दिवाली के दौरान स्मार्टफोन की खरीदारी काफी बढ़ जाती है। ऐसे में जो ग्राहक फेस्टिव सीजन में नया आईफोन खरीदने की तैयारी कर रहे थे, उनके लिए यह प्राइस हाइक बड़ा झटका है।
 
खासकर आईफोन 17 को लेकर अब तस्वीर बदल गई है। जिस मॉडल की शुरुआती कीमत पिछले साल 82,900 रुपये थी, वह अब 99,900 रुपये से शुरू हो रहा है।
 
यानी नई आईफोन 18 प्रो सीरीज के लॉन्च के बाद पुराने मॉडल सस्ते होने के बजाय और महंगे हो गए हैं। ग्राहकों के लिए यह एप्पल की प्राइसिंग स्ट्रैटेजी में एक बड़ा बदलाव माना जा सकता है।
 
लेखक के बारे में
कृति शर्मा
कृति शर्मा एक पैशनेट स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और डिजीटल कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें वेबदुनिया के साथ लगभग 3 साल का अनुभव है।  अपने करियर की शुरुआत उन्होंने पॉकेट एफएम में स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर की थी। इंदौर के रेनैसां कॉलेज से BAJMC और  देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म.... और पढ़ें
अगला लेख
यात्री परिवहन विजन समिट-2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 सितंबर को करेंगे दो दिवसीय समिट का शुभारंभ