उ. कोरियाई परमाणु परीक्षण की द. कोरिया ने की निंदा
Publish Date: Fri, 9 Sep 2016 (14:58 IST)
Updated Date: Fri, 9 Sep 2016 (15:00 IST)
सोल। उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण की निंदा करते हुए दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति पार्क गेयुन-ह्ए ने शुक्रवार को इसे खुद की तबाही की ओर उठाया गया कदम बताया, जो अंतरराष्ट्रीय बिरादरी में इसे और भी ज्यादा अलग-थलग कर देगा। उत्तर कोरिया ने शुक्रवार सुबह 5वां और संभवत: सबसे शक्तिशाली परमाणु परीक्षण किया।
गेयुन-ह्ए ने कहा कि परमाणु परीक्षण करने से किम जोंग उन की सरकार को ज्यादा प्रतिबंधों और विलगाव का ही सामना करना पड़ेगा। इस तरह का उकसावा उसे अपनी तबाही की ओर ज्यादा तेजी से ले जाएगा। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे ने भी उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण को शुक्रवार को पूरी तरह से अस्वीकार्य करार दिया।
उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया का परमाणु विकास जापान की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय समेत क्षेत्र की सुरक्षा और शांति को कमजोर कर रहा है। चीन ने भी परमाणु परीक्षण का कड़ा विरोध किया है। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने चीन के विदेश मंत्रालय के हवाले से इस परीक्षण का कड़ा विरोध जताया है।
इससे पहले उत्तर कोरिया के सरकारी टेलीविजन ने बताया था कि देश ने परमाणु हथियार का परीक्षण किया है। परमाणु परीक्षण स्थल के निकट 5.3 तीव्रता का कृत्रिम भूकंप महसूस किया गया था। (भाषा)