1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Tickets for Diljit Dosanjh's concert in Indore range from 1,500 to 80,000

इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए टिकट 1500 से 80 हजार तक, 8 लाख में टेबल, 7 करोड़ के टिकट बिके

Tickets for Diljit Dosanjh's concert in Indore range from 1
इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए जबरदस्‍त क्रेज नजर आ रहा है। पहले से ही उनके शो की चर्चा है। अपने गानों के लिए चर्चा में रहने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए टिकट के दाम भी आसमान छू रहे हैं। उन्‍हें सुनने के लिए लोग लाखों रूपए चुकाने को तैयार हैं।

बता दें कि दिलजीत दोसांझ लगातार दूसरे साल इंदौर में अपना शो करने जा रहे हैं। इस कॉन्सर्ट के लिए अब तक करीब सात करोड़ रुपये के टिकट बिक चुके हैं। आयोजकों ने टिकट बिक्री का हिसाब नगर निगम को सौंप दिया है। साथ ही मनोरंजन कर के रूप में 60 लाख रुपये भी जमा कराए हैं।

बता दें कि पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट आज रविवार को इंदौर में होने वाला है। बायपास स्थित C-21 एस्टेट ग्राउंड पर होने वाले इस मेगा शो में दिलजीत रात 8 बजे पर पहुंचेंगे। करीब 4 लाख वर्गफीट में फैले आयोजन स्थल पर 40 हजार दर्शकों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। कॉन्सर्ट के टिकट 1500 रुपए से शुरू होकर 10 लोगों की VIP टेबल के लिए 8 लाख रुपए तक के हैं। यानी सबसे महंगे पैकेज में एक व्यक्ति का खर्च 80 हजार रुपए आएगा।

क्‍या है शो का पूरा प्‍लान : दर्शकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक का विशेष प्लान तैयार किया है। शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक पटेल नगर क्रॉसिंग से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा, रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। दर्शकों के लिए C-21 बिजनेस पार्क में तीन जोन में निशुल्क पार्किंग बनाई गई है।

दिलजीत दोसांझ प्राइवेट जेट से इंदौर पहुंच चुके हैं और होटल मैरियट में ठहरे हैं। शहर आने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर छप्पन दुकान की पुरानी तस्वीरें शेयर कर लिखा था- ‘मैं आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा।’ उनकी इस पोस्ट के बाद इंदौरी फैंस में उत्साह और बढ़ गया है।

धमकी के बाद बढाई सुरक्षा : आयोजन को लेकर लगातार ई-मेल के जरिए धमकियां मिल रही थीं। इसे देखते हुए बम निरोधक दस्ता आयोजन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार जांच कर रहा है। शो के दौरान भी 500 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात रहेंगे, जो सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अगला लेख
भगोड़े ललित मोदी को मिली ब्रिटिश नागरिकता, कहा, मुझे गर्व है, क्‍यों भारत से भागे थे मोदी?