1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Fugitive Lalit Modi acquires British citizenship

भगोड़े ललित मोदी को मिली ब्रिटिश नागरिकता, कहा, मुझे गर्व है, क्‍यों भारत से भागे थे मोदी?

lalit modi
पूर्व IPL चेयरमैन और भगोड़े ललित मोदी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके ये घोषणा की है कि वह ब्रिटिश नागरिक बन गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है।
lalit modi
मोदी ने क्या पोस्ट किया : ललित मोदी ने एक्स पर पोस्ट करके कहा, "एक गर्व का पल। एक नया अध्याय। आज, 14 नवंबर 2026 को, मुझे ऑक्सफोर्ड यूनियन को संबोधित करने का सौभाग्य मिला, जहां मैंने सबके सामने अपने जीवन की एक बहुत ही खास और व्यक्तिगत उपलब्धि साझा की। मुझे ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है।"

ललित मोदी ने बताया कि 15 सितंबर 2026 को, अपने परिवार और दोस्तों के बीच, मैंने अपनी ब्रिटिश नागरिकता का जश्न मनाया। यह समारोह हमेशा मेरे दिल के बहुत करीब रहेगा। यूनाइटेड किंगडम कई सालों से मेरा घर रहा है। यह एक ऐसा देश है जिसका मैं बहुत सम्मान करता हूं और यहां के लोग, संस्थाएं, परंपराएं और मूल्य जिसे दिल से पसंद करता हूं।

यह एक सौभाग्य है : ललित मोदी ने कहा, "ब्रिटिश नागरिक बनना एक सौभाग्य और एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे मैं गर्व, कृतज्ञता और अपनेपन की सच्ची भावना के साथ स्वीकार करता हूं। मेरे जीवन का सफर अलग-अलग संस्कृतियों और अनुभवों से मिलकर बना है, और मैं उस देश में सकारात्मक योगदान देना जारी रखने के लिए उत्सुक हूं, जिसे मैं गर्व से अपना घर कहता हूं।"

ललित मोदी ने कहा, "मेरे परिवार, दोस्तों और इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद। साथ ही, इस खबर को साझा करने के लिए इतना यादगार अवसर देने के लिए ऑक्सफोर्ड यूनियन का भी शुक्रिया। एक नया अध्याय, जिसमें आगे देखने के लिए बहुत कुछ है और महामहिम किंग चार्ल्स तृतीय के जन्मदिन पर, इस पल को साझा करना इसे और भी खास बनाता है। ईश्वर राजा की रक्षा करे!"

क्‍यों 2010 में भारत से भागे थे ललित मोदी : बता दें कि ललित मोदी भारत से साल 2010 से भागकर ब्रिटेन चले गए थे। उनके खिलाफ साल 2010 में IPL से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामलों की जांच शुरू हुई थी, जिसके बाद उन्होंने भारत छोड़ दिया और भाग गए। वह अभी लंदन में रहते हैं।
अगला लेख
'भारत समिट-2026' के विदेशी मेहमानों को लेकर घमासान, भाजपा ने राहुल और कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप