1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Collection agent robbed of 30 lakh in Indore Pandharinath area

इंदौर के पंढरीनाथ में कलेक्शन एजेंट से 30 लाख की लूट, एक्‍टिवा सवार बैग छीनकर भागे, CCTV में कैद हुई घटना

cctv
इंदौर में दिन दहाड़े लूट का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार रात करीब 8 बजकर 30 मिनट की है। कलेक्शन एजेंट से 30 लाख से भरा बैग छीनकर दो एक्‍टिवा सवार बदमाश भाग निकले। एजेंट व्‍यापारियों से कलेक्‍ट की गई राशि लेकर जा रहा था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सीसीटीवी कैमरों के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कलेक्शन एजेंट मुकेश अग्रवाल गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे बर्तन बाजार और मोहनपुरा क्षेत्र के व्यापारियों से नकदी वसूल कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने धमकाते हुए उनके हाथ से नकदी से भरा बैग छीन लिया और तेजी से मौके से फरार हो गए।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात: घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों आरोपी बैग छीनते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में लूट की पूरी योजना पहले से बनाई गई प्रतीत हो रही है। वारदात के बाद मुकेश अग्रवाल रात करीब 9 बजे पंढरीनाथ थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी थाने पहुंच गए। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन थानों की पुलिस को लगाया गया है। करीब 25 पुलिसकर्मी आरोपियों की तलाश में जुटे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस को आशंका है कि कलेक्शन एजेंट की गतिविधियों की जानकारी किसी करीबी व्यक्ति ने बदमाशों तक पहुंचाई हो सकती है। इसी कारण एजेंट के परिचितों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Weather Update News : कई राज्‍यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, यूपी में कब पहुंचेगा मानसून, क्‍या भीषण गर्मी से मिलेगी राहत?