1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. mp-cm-mohan-yadav-visits-ayodhya-ram-mandir-with-baba-ramdev-on-devuthani-ekadashi

अयोध्या में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा रामदेव संग MP के CM मोहन यादव ने किए रामलला के दर्शन

CM Mohan Yadav
देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार को रामनगरी अयोध्या में आध्यात्मिक उत्साह देखने को मिला। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पतंजलि योगपीठ के सह-संस्थापक योग गुरु बाबा रामदेव के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन और विधि-विधान से पूजन किया।
 
​दोनों ने मंदिर के गेट नंबर-11 से प्रवेश कर गर्भगृह में मत्था टेका। दर्शन के उपरांत वे सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए, समय की कमी के चलते वे हनुमानगढ़ी नहीं जा सके।

​यह कई जन्मों के पुण्य का फल : मुख्यमंत्री

रामलला के दर्शन कर अभिभूत हुए सीएम मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देवउठनी एकादशी के पवित्र दिन महादेव ने भगवान विष्णु को सृष्टि की सत्ता सुपुर्द की। ऐसे शुभ अवसर पर भगवान राम के धाम आने का मौका मिलना कई युगों और जन्मों के पुण्य का फल है। माता सरयू के किनारे प्रभु श्रीराम आनंद के साथ मुस्कुरा रहे हैं। सप्तपुरियों में से एक अयोध्या की यह लीला भूमि अद्भुत है। उन्होंने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और समस्त देशवासियों को देवउठनी एकादशी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

​गोंडा की श्रीराम कथा में भी हुए शामिल

अयोध्या आने से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव और बाबा रामदेव गोंडा जिले के जयप्रभाग्राम (जानकीनगर) में आयोजित राजन जी महाराज की श्रीराम कथा में शामिल हुए। यहां महंत आलोक दास जी महाराज और राजकुमार दास जी महाराज ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को लेकर जानकी नगर पोखरा हेलीपैड से लेकर कथा स्थल तक चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

​यादव ने मंच से भरी हुंकार

गोंडा में कथा के मंच से विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार पर जोर दिया।
  • ​धार्मिक स्थलों का वैभव : उन्होंने कहा कि यह हम सबका सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और संतों के आशीर्वाद से आज सोमनाथ धाम और अयोध्या धाम दोनों जगमगा रहे हैं। भगवान की इच्छा हुई तो जल्द ही मथुरा का गोपालकृष्ण धाम भी इसी तरह जगमगाएगा।
  • ​कृष्ण लीला स्थलों का विकास : सीएम ने घोषणा की कि मध्य प्रदेश सरकार भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े सभी प्रमुख स्थलों—जैसे महर्षि सांदीपनि आश्रम (शिक्षा स्थली), नारायण धाम (सुदामा से मित्रता स्थली) और जानापाव—को उनकी गरिमा के अनुरूप भव्य तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है।
  • ​बाबा रामदेव का अभिनंदन : बाबा रामदेव की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि कृष्ण की लीलाओं को सुनकर जो भाव मन में आता है, बाबा रामदेव को देखकर उस अद्भुत काल की अनुभूति होती है।
लेखक के बारे में
संदीप श्रीवास्तव
संदीप श्रीवास्तव करीब 25 वर्ष से ज्यादा समय से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वेबदुनिया के लिए उत्तर प्रदेश में स्ट्रिंगर के रूप में कार्य करते हैं। .... और पढ़ें
अगला लेख
योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी