शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. रेसिपी
  3. भारतीय व्यंजन
  4. World Poha Day 2023
Written By

World Poha Day : विश्व पोहा दिवस 7 जून को क्यों मनाते हैं? जानिए इंदौरी पोहा रेसिपी

World Poha Day : विश्व पोहा दिवस 7 जून को क्यों मनाते हैं? जानिए इंदौरी पोहा रेसिपी - World Poha Day 2023
आज विश्व पोहा दिवस है। भारत में हर साल 7 जून को विश्व पोहा दिवस मनाया जाता है। पोहा दिवस को ही विश्व पोहा दिवस के रूप में भी जाना जाता है। यह दिन इसलिए विशेष रूप से मनाया जाता है क्योंकि पोहा खाने में स्वादिष्ट और हेल्दी दोनों हैं। अलग-अलग राज्यों में पोहे को भिन्न नाम से जाना जाता है। मप्र और महाराष्ट्र में इसे पोहे के नाम से जाना जाता है, तो कोई इसे पीटा चावल और चपटा चावल भी कहता है। बंगाल और असम में चीड़ा, तेलगु में अटुकुलू, गुजराती में पौआ के नाम से जाना जाता है। 
 
जी हां, पोहा बच्चों से लेकर बूढ़ें यानी हर उम्र के लोग खा सकते हैं। पोहे को जिस तरह से तेल रखकर छौंक लगाया जाता है, वह खाने के स्वाद को बढ़ा देता है। साथ ही इसे जितना सरल विधि से बनाते हैं यह उतना पौष्टिक होता है। वैसे तो पोहे के प्रसिद्धि को लेकर कई सारी कहानियां है। 

Poha Recipe 
 
बता दें कि पोहे की सबसे ज्यादा खपत महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में होती है। मप्र में सबसे अधिक मालवा इलाके में इसे खाया जाता है। जहां वह अब इंदौर की जान बन चुका है। कहा जाता है कि पोहा इंदौर में देश की आजादी के करीब 2 साल बाद आ चुका था। महाराष्ट्र के रहने वाले पुरुषोत्तम जोशी अपनी बुआ के यहां इंदौर आए। वह जॉब करते थे। इंदौर में रहकर जोशी के मन में पोहे की दुकान खोलने का विचार आया। इसके बाद से पोहा इंदौर का हो गया। 
 
7 जून को इंदौर में विश्व पोहा दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने की शुरुआत इंदौरी कलाकार राजीव नेमा द्वारा की गई। 
 
उज्जैन और छत्तीसगढ़ में पोहे का उत्पादन मुख्य रूप से होता है। लेकिन इसकी सबसे अधिक खपत इंदौर शहर में होती है। यहां अधिकतर भारतीय लोगों की शुरुआत पोहे से होती है। सुबह-सुबह एक प्लेट पोहे के साथ चाय... समझो दिन बन गया, मन प्रफुल्लित हो गया। इंदौर में आज के दिन कई जगहों पर पोहे का वितरण होता था। मालवा के हर दूसरे घर में आपको सुबह में पोहे का नाश्ता मिल जाएगा। जिस तरह से पोहे को स्वादिष्ट बनाकर खाया जाता है। इसकी बात कुछ ओर ही होती है। 
 
आज कई सारे बॉलीवुड स्टार, किक्रेटर्स, विदेशी भी इंदौरी पोहे के दीवाने हैं। मप्र और महाराष्ट्र के साथ ही यह दिल्ली, छत्तीसगढ़, यूपी और राजस्थान में भी खूब खाया जाता है। आपको बता दें कि इंदौरी पोहा बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को भी बहुत पसंद है। विश्वभर में प्रसिद्ध इंदौर के पोहे आपने नहीं खाए है, तो एक बार जरूर खाएं और पोहे का लुत्फ उठाएं। 

Indori poha 
 
 
आइए अब जानते हैं स्वादिष्‍ट पोहे बनाने की सबसे आसान रेसिपी :
 
सामग्री :
250 ग्राम पोहा, 2-3 हरी मिर्च और 1 बड़े साइज का प्याज (बारीक कटा हुआ), पाव चम्मच हल्दी पावडर, पाव चम्मच कालीमिर्च पाउडर, 2 छोटे चम्मच शकर, छौंक के लिए राई-जीरा, 1 चम्मच सौंफ, थोड़ा-सा मीठा नीम, चुटकीभर हींग, 1 बड़ा चम्मच तेल, नमक  स्वादानुसार, बारीक कटा हरा धनिया, आधा बारीक कटा प्याज, सेंव, जीरावन मसाला और 1 नींबू। 
 
विधि : 
पोहे को एक बड़ी परात या थाली में लेकर साफ करके 2-3 बार पानी से धो लें। थाली  को तिरछी करके पोहे का सारा पानी निकाल लें और उसे एक तरफ ढेरी करके जमा दें। करीबन 15-20 मिनट तक उसे गलने दें। 
 
अब एक कड़ाही में तेल गरम करके राई-जीरा तड़काएं। मीठा नीम, सौंफ और हींग डालें। फिर हरी मिर्च डालें, अब प्याज डालकर गुलाबी होने तक भून लें। अब हल्दी डालें। इसके बाद पोहे में कालीमिर्च, नमक, शकर डालकर अच्छी मिक्स करें और कड़ाही में डाल दें। 
 
एक प्लेट से ढंककर  5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पोहे को पकने दें। तत्पश्चात गैस बंद कर दें, ऊपर से हरा धनिया बुरकें। अब पोहे को प्लेट में परोसें, ऊपर से जीरावन, सेंव, कटा प्याज डालें और नींबू निचोड़ कर स्वादिष्‍ट, चटपटे इंदौरी पोहे का आनंद लें।

Indori poha
ये भी पढ़ें
World Oceans Day 2023 : समुद्र के बारे में वे बातें जो आप नहीं जानते