रोते बच्चे को देख CM भूपेंद्र पटेल ने रोका भाषण, पुलिस को लगाई फटकार तो हॉल में गूंज पड़े ठहाके
भावनगर के झवेरचंद मेघाणी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जब मंच से संबोधित कर रहे थे, तभी ऑडिटोरियम में एक बच्चा रोने लगा। कार्यक्रम में बाधा न पहुंचे, इसलिए पुलिसकर्मी बच्चे की मां को हॉल से बाहर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर गया। उन्होंने तुरंत अपना संबोधन रोका और पुलिसकर्मियों को माता-बच्चे को बाहर ले जाने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि बच्चा है, रोएगा ही; माता को हॉल में ही बैठने दें। बच्चे के रोने की आवाज आएगी, तो भी कोई बात नहीं।
इसके बाद उन्होंने मां से हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘आपको बैठना है तो आराम से बैठिए, भले ही वह रो रहा हो... वह तो सभी को सुनाई देगा!’ मुख्यमंत्री की यह बात सुनकर ऑडिटोरियम में मौजूद लोगों में हंसी की लहर दौड़ गई और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हॉल गूंज उठा। ALSO READ: अहमदाबाद को 584 करोड़ की सौगात: सीएम भूपेंद्र पटेल ने नए ब्रिजों और विकास कार्यों का किया लोकार्पण
भावनगर की स्वच्छता पर CM का मजेदार सवाल
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भावनगर शहर की स्वच्छता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर में घूमते समय अच्छी सफाई देखने को मिली। हालांकि, सफाई कर्मचारियों की मौजूदगी में उन्होंने मजाकिया अंदाज में सवाल किया, ‘रोज ऐसी ही सफाई रहती है या आज मैं आने वाला था इसलिए खास सफाई की गई है?’ CM की इस टिप्पणी को सुनकर कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, पदाधिकारियों और नागरिकों में फिर से ठहाके लगे। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को केवल नगर निगम या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी न मानकर इसे नागरिकों के संस्कारों से जोड़ने की बात कही।
भावनगर को 738.09 करोड़ के 79 विकास कार्यों की सौगात
‘सेवा, संकल्प और समर्पण’ अभियान के तहत भावनगर शहर और जिले को कुल 738.09 करोड़ रुपए के 79 विकास कार्यों की सौगात दी गई। इसमें 33 करोड़ की लागत से बने नए अत्याधुनिक जिला कलेक्टर कार्यालय का लोकार्पण शामिल था। इसके अलावा नगर निगम के तहत 621.63 करोड़ के विभिन्न कार्यों सहित सड़क-भवन और पंचायत विभाग की कई परियोजनाओं का ई-लोकार्पण तथा ई-खातमुहूर्त किया गया। ALSO READ: फेल छात्रों की खुलेगी किस्मत! गुजरात बोर्ड ने उठाया बड़ा कदम, नवंबर-दिसंबर में होगी विशेष परीक्षा
प्राकृतिक खेती, स्वास्थ्य जागरूकता और ‘विकास भी, विरासत भी’ पर जोर
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने संबोधन में कम उम्र में हार्ट अटैक और डायबिटीज जैसी बीमारियों के बढ़ते खतरे का जिक्र किया। उन्होंने गाय आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। केंद्रीय राज्य मंत्री निमुबेन बांभणिया ने अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेस-वे और भावनगर के लिए स्वीकृत 650 करोड़ के ब्रिज प्रोजेक्ट का उल्लेख करते हुए इसे शहर के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री कौशिक वेकरिया, विधायक, कलेक्टर डॉ. मनीष बंसल, नगर निगम आयुक्त डॉ. एन.के. मीणा सहित अधिकारी, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भावनगर के निवासी उपस्थित रहे।

