हँसता-हँसाता करिअर कार्टूनिस्ट का
|
- नूपुर दीक्षित
सुबह-सुबह चाय की चुस्कियों के साथ जब आप अखबार उठाते हैं तो हत्या, आगजनी, दंगे, मारपीट की खबरों के बीच ऐसी कौन-सी चीज होती है, जो आपको हँसाती है। अखबार में रोजाना छपने वाले कार्टून।
सैकड़ों लाशों, ढ़ेरों विसंगतियों और अनेक अव्यवस्थाओं से भरे दस-बीस पन्नों में से केवल एक पन्ने के किसी कोने पर छपा छोटा-सा कार्टून लाखों लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है।
अगर करिअर बनाने के लिहाज से देखा जाए तब भी इस क्षेत्र में इसके अनेक अवसर उपलब्ध हैं। इन दिनों पत्र-पत्रिकाओं के अलावा टेलीविजन चैनलों और विज्ञापन कंपनियों में इस विधा के जानकारों की माँग बनी हुई है। लीक से हटकर करिअर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए इस क्षेत्र में स्वर्णिम भविष्य की संभावना है।
यह क्षेत्र अत्यंत रचनात्मक है और कार्टूनिस्ट बनने के लिए किसी कोर्स या औपचारिक डिग्री की जरूरत नहीं होती है। बस आपके अंदर रचनात्मकता होनी चाहिए। चित्रकला की जानकारी होना एक कार्टूनिस्ट के लिए बहुत जरूरी होता है। कार्टूनिस्ट यदि पूरी मेहनत और लगन से अपने काम को अंजाम दे, तो उसकी ख्याति भी किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं होती है।
टाइम्स ऑफ इंडिया समाचार पत्र के कार्टूनिस्ट आर. के. लक्ष्मण के बनाए कार्टून किसी समय इतने लोकप्रिय थे कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू भी उनके प्रशंसकों में शामिल थे।
कैसे करें शुरूआत
कार्टून विधा के क्षेत्र में कोई औपचारिक पाठ्यक्रम या प्रशिक्षण नहीं होता है।
इसलिए इस विधा में अपना भविष्य बनाने का सपना संजो रहे लोगों के लिए आर्थिक स्थिति कभी बाधक नहीं बनती है। इसे सीखने के लिए केवल कुछ कागज और एक पेंसिल की आवश्यकता होती है। देश के कई मशहूर कार्टूनिस्टों ने रद्दी कागज पर अभ्यास कर इस विधा में महारत हासिल की है। कल्पनाशक्ति, हास्यबोध और रेखाओं से खेलने का जज्बा हो तो कोई भी अच्छा कार्टूनिस्ट बन सकता है।
इस विधा में करिअर बनाने के इच्छुक लोगों को शुरूआत में किसी कार्टूनिस्ट के साथ बतौर प्रशिक्षु काम करना पड़ता है। धीरे-धीरे अनुभव बढ़ने के साथ इस विधा में पारंगत हुआ जा सकता है। उसके बाद मीडिया के क्षेत्र में नौकरियों के कई अवसर उपलब्ध हो जाते हैं, मीडिया के अलावा प्रकाशन के क्षेत्र में इस विधा के विशेषज्ञों की माँग रहती है।

