1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर

महकता करियर उद्यान विज्ञान में

उद्यान विज्ञान
ND

* कृपया उद्यान विज्ञान की शिक्षा और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दें। - विनायक बैस, जावरा

- देश के बहुत सारे विश्वविद्यालयों में उद्यान विज्ञान एवं बागवानी तथा इससे जुड़े कई और पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। एमएससी, बीएससी कृषि, बागवानी के बाद सरकारी विभागों में कृषि वैज्ञानिक चयन बोर्ड के जरिए ली जाने वाली परीक्षा के बाद वैज्ञानिक के पदों पर भर्ती के अवसर हैं। लेक्चरार, रीडर, कृषि केंद्रों में ऑर्गनाइजर के पद भी उपलब्ध हैं।

इसके अलावा राज्य लोकसेवा आयोग के जरिए उद्यान अधिकारी, कृषि अधिकारी, तकनीकी अधिकारी, फल व सब्जी निरीक्षक, उद्यान पर्यवेक्षक, कृषि विकास अधिकारी आदि के पदों पर भर्ती की संभावनाएँ भी रहती हैं। प्रमुख विश्वविद्यालय, जहाँ उद्यान विज्ञान में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है, वे हैं- मध्यप्रदेश/छत्तीसगढ़ के विभिन्न कृषि महाविद्यालय/चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय, मेरठ/बीआर आम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा।

* विकलांग व पुनर्वास शिक्षा से जुड़े पाठ्यक्रम कहाँ उपलब्ध हैं? -यश धारीवाल, खरगोन

-राष्ट्रीय पुनर्वास संस्थान, नई दिल्ली विकलांग व पुनर्वास शिक्षा से जुड़े कई पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। आप श्रवण भाषा और वाणी श्रवण विज्ञान व पुनर्स्थापना, विकलांग शिक्षा में स्नातक, बैचलर इन फिजियोथैरेपी या ऑक्यूपेशनल थैरेपी में बैचलर डिग्री ले सकते हैं।

इसके अलावा विकलांग जनसंस्थान 14, विष्णु दिगंबर मार्ग, नई दिल्ली/राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान, होसुर रोड, बेंगलुरू/अली यावर जंग, राष्ट्रीय श्रवण विकलांग संस्थान, मुंबई आदि से भी कोर्स किया जा सकता है।

* मैं कला संकाय का बारहवीं कक्षा का छात्र हूँ। क्या मैं भारतीय वायुसेना में करियर बना सकता हूँ? -मनीष नेताम, दुर्ग

-बारहवीं कक्षा के बाद एयरफोर्स में जाने के लिए एनडीए प्रवेश परीक्षा देना होती है। एयरफोर्स में करियर बनाने के लिए बारहवीं कक्षा में गणित होना आवश्यक है।
* मैं फार्मेसी के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हूँ। इस हेतु मुझे कौन-सी प्रवेश परीक्षा देना होगी? -विद्या देशमुख, हरदा

-मध्यप्रदेश के फार्मेसी कॉलेजों में प्रवेश हेतु पीईपीटी प्रवेश परीक्षा में अर्हता प्राप्त करना आवश्यक है। परीक्षा के माध्यम से बी फार्मा तथा डी फार्मा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। फार्मेसी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 10+2 प्रणाली की बारहवीं अथवा समकक्ष परीक्षा गणित अथवा बायोलॉजी तथा भौतिकी व रसायन शास्त्र मुख्य विषयों के रूप में लेकर उत्तीर्ण करना आवश्यक है।

* मैं फिल्म संपादन का कोर्स करना चाहता हूँ। कृपया यह कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थानों की जानकारी दें। -नवीन वैद्य, मंदसौर

-किसी भी विषय से स्नातक होने के बाद आप फिल्म मेकिंग, संपादन, ऑडियोग्राफी आदि कोर्सों में प्रवेश ले सकते हैं। यह कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध है- द फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, लॉ कॉलेज रोड, पुणे/सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, पंचसराय, कोलकाता।

* क्या मुझे बारहवीं के अच्छे प्राप्तांकों के आधार पर किसी अच्छे इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश मिल सकता है? -तारिक अनवर, झाबुआ

-देश के किसी भी अच्छे इंजीनियरिंग कॉलेज में केवल बारहवीं के अच्छे अंकों के आधार पर प्रवेश नहीं मिलता है। इंजीनियरिंग कॉलेजों की प्रवेश परीक्षाओं की अच्छी तैयारी कर परीक्षा में चयनित होकर ही आप इन कॉलेजों में प्रवेश ले पाएँगे।

* क्लिनिकल साइकोलॉजी में करियर के क्या अवसर हैं? -मंजुलता उन्हाले, भोपाल

-मानव मस्तिष्क की गतिविधियों को समझने, उनकी उलझनों को सुलझाने, मनोविकार को दूर करने में मनोचिकित्सक की अहम भूमिका होती है। मनोचिकित्सालयों के अलावा अब स्कूलों व अन्य संस्थानों में भी मनोवैज्ञानिकों की नियुक्ति की जाने लगी है।

* ऑफिस मैनेजमेंट का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान कौन-से हैं? -समीर कर्णिक, इंदौर

-ऑफिस मैनेजमेंट का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं- कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज, शेखसराय फेज-2, नई दिल्ली/भाई परमानंद इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज, दिल्ली।