मैं जर्मन भाषा के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हूँ। -प्रिया नाईक, इंदौर - जर्मन भाषा जानने वालों की हमारे देश में काफी माँग है। जर्मन भाषा में पाठ्यक्रम इन संस्थानों द्वारा चलाए जा रहे हैं- उत्कल विवि भुवनेश्वर, उड़ीसा में 10+2 उत्तीर्ण छात्रों के लिए एक वर्ष का डिप्लोमा पाठ्यक्रम, एसएस विवि, वडोदरा, गुजरात में 10+2 उत्तीर्ण छात्रों के लिए एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स, बनारस हिन्दू विवि वाराणसी, उत्तरप्रदेश में 10+2 उत्तीर्ण छात्रों हेतु एक वर्षीय कोर्स तथा स्नातक उत्तीर्ण छात्रों के लिए दो वर्षीय पाठ्यक्रम, जवाहरलाल नेहरू विवि, नई दिल्ली द्वारा 10+2 उत्तीर्ण छात्रों हेतु तीन वर्षीय बीए ऑनर्स (जर्मन) पाठ्यक्रम चलाया जाता है।
जर्मन भाषा सीखकर छात्र विभिन्न छात्रवृत्तियों द्वारा जर्मनी में अध्ययन भी कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जर्मन दूतावास, 56, मैक्समूलर मार्ग, नई दिल्ली से संपर्क करें।
सुगंध चिकित्सा से संबंधित कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? -श्वेता पारेख, जबलपुर - सुगंध चिकित्सा से संबंधित कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध हैं- सुगंध और स्वाद विकास केंद्र, मार्कन्ड नगर, कन्नौज (उप्र)/ केलर एजुकेशनल ट्रस्ट, मुंबई/ शहनाज हुसैन स्कूल ऑफ ब्यूटी, नई दिल्ली।
मैं स्पेशल क्लास रेलवे अप्रैंटिस की परीक्षा में बैठना चाहता हूँ। परीक्षा में बैठने की शर्तें क्या हैं? -शैलेन्द्र गुप्ता, रतलाम/ मयंक श्रीवास, उज्जैन - संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली द्वारा आयोजित स्पेशल क्लास रेलवे अप्रैंटिस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थी की उम्र 17 से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाती है। परीक्षा में बैठने के लिए आवश्यक है कि उम्मीदवार ने इंटरमीडिएट परीक्षा गणित, रसायन विज्ञान व भौतिकी के साथ उत्तीर्ण की हो। भौतिकी, रसायन या गणित में से किसी एक विषय मे स्नातक अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा परीक्षा के लिए अनिवार्य मापदंडों में आवेदक को शारीरिक रूप से भी फिट होना जरूरी है।
मैं मप्र में पुलिस सब इंस्पेक्टर बनना चाहता/ चाहती हूँ। इस परीक्षा का विज्ञापन कब जारी किया जाएगा? जानकारी प्रदान करें। -विनायक देशपांडे, बड़वानी/ अंशुमन भार्गव , झाबुआ/ शिखा नामदेव, ग्वालियर/ किरण मजूमदार, पेटलावद - मप्र पुलिस विभाग के अंतर्गत सूबेदार/ उपनिरीक्षक संवर्ग/ प्लाटून कमांडर के 319 रिक्त पदों हेतु विज्ञापन 'रोजगार और निर्माण' के 28 जनवरी से 3 फरवरी-08 के अंक में प्रकाशित किया है। लिखित परीक्षा का आयोजन 6 अप्रैल-08 को किया जाना है।
व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित की जाने वाली लिखित परीक्षा के प्रश्नपत्र तथा निर्धारित प्रश्न इस प्रकार हैं- (1) सामान्य अध्ययन प्रश्न-पत्र (100 प्रश्न)। (2) हिन्दी-अँगरेजी दक्षता प्रश्न-पत्र (70-30 प्रश्न)। (3) विज्ञान प्रश्न-पत्र (100 प्रश्न)। विज्ञान विषय का प्रश्न-पत्र उपनिरीक्षक (रेडियो/ अंगुल चिह्न / क्यूडी एवं फोटो) के पदों हेतु आवश्यक है। अन्य सभी पदों हेतु प्रथम दो प्रश्न-पत्र ही आवश्यक हैं। इस परीक्षा में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ प्रकार के होंगे।
पत्राचार द्वारा पत्रकारिता पाठ्यक्रम हेतु कहाँ संपर्क करें? -धनंजय कटारिया, पचोर - इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विवि, नई दिल्ली/ माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विवि, भोपाल/ कोटा विवि से संपर्क किया जा सकता है।
मैं अनुसूचित जनजाति का छात्र हूँ। मैंने बीए परीक्षा तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण की है। क्या मैं मप्र राज्य सेवा परीक्षा दे सकता हूँ? -धनसिंह भिलाला, झाबुआ - आप मप्र राज्य सेवा परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं।
मैं भू-विज्ञान में पत्राचार माध्यम से बीएससी करना चाहती हूँ। यह पाठ्यक्रम कहाँ से किया जा सकता है? -रश्मि शर्मा, भोपाल - इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विवि, नई दिल्ली से संपर्क करें।
पुरातत्व के क्षेत्र में हिन्दी माध्यम से डिग्री देने वाले प्रमुख विश्वविद्यालयों की जानकारी दें। -तरुण बैसला, खरगोन - पुरातत्व में हिन्दी माध्यम से डिग्री देने वाले विवि हैं- कुरुक्षेत्र विवि, कुरुक्षेत्र/ गुरुकुल कांगड़ी विवि, हरिद्वार/ मराठवाड़ा विवि, औरंगाबाद।
मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा 05 के बाद से राज्य सेवा परीक्षा आयोजित नहीं की गई है। क्या मैं अपनी तैयारी सतत जारी रखूँ? -अंकिता शिंदे, देवास/ शेरसिंह राजपूत, होशंगाबाद - मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा परीक्षा निकट भविष्य में आयोजित होगी। आप अपनी तैयारी जारी रखें।
आभूषणों की डिजाइनिंग से संबंधित कोर्स कहाँ उपलब्ध है? -ब्रजेश्वरी शर्मा, रायपुर - आभूषणों की डिजाइनिंग से संबंधित कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध हैं-इंडियन जेमोलॉजी इंस्टीट्यूट, रानी झाँसी रोड, नई दिल्ली/ डेक्कन इंस्टीट्यूट ऑफ जेम एंड ज्वेलरी, हैदराबाद/ जेम टेस्टिंग लेबोरेट्री, एमआई रोड, जयपुर/ परख इंस्टीट्यूट ऑफ जेमोलॉजी, इंदौर।
कृपया अन्नामलाई विवि का वेबसाइट पता बताइए। -मोहित पाटीदार, राजगढ़ (ब्यावरा) - अन्नामलाई विवि का वेबसाइट एड्रेस इस प्रकार है- www.annamalaiuniversity.ac.in