1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर

कहाँ से करें पोर्ट मैनेजमेंट कोर्स?

शिपिंग कोर्स
- जयंतीलाल भंडारी
ND

* मैं शिपिंग एवं पोर्ट मैनेजमेंट का कोर्स करना चाहता हूँ। यह कोर्स कहाँ से किया जा सकता है तथा इस कोर्स को करने के बाद रोजगार के क्या अवसर हैं? - अरुण शर्मा, जबलपुर
- शिपिंग सेवाओं के अंतर्गत पोर्ट प्रशासन की देखरेख, फ्लीट ऑपरेशन, इकोनॉमिक्स, बेहद ऊँचे दर्जे के टग्स बारजेज पायलट वैसल्स का इस्तेमाल व मरम्मत के जरिए तथा मूरिंग, रोइंग व लोडिंग डिस्चार्जिंग जैसे कामों को शिपिंग एवं पोर्ट मैनेजमेंट के तहत अंजाम दिया जाता है।

यह कोर्स स्नातक के उपरांत किया जा सकता है। शिपिंग एवं पोर्ट मैनेजमेंट का कोर्स करने के बाद आपके लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है। आपके लिए बतौर मैनेजर शिपिंग कंपनियों, एजेंसी हाउस, क्लियरिंग एंड फॉरवर्डिंग फर्म्स, एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट हाउस, बड़े-बड़े मैन्युफेक्चरिंग एंड ट्रेडिंग प्रतिष्ठानों के अलावा गवर्नमेंट डिपार्टमेंट और अंडरटेकिंग्स में भी रोजगार के असीमित अवसर हैं।

पोर्ट मैनेजमेंट का कोर्स करने के उपरांत विदेशी उपक्रमों में भी आसानी से नियुक्ति मिल जाती है। शिपिंग एवं पोर्ट मैनेजमेंट का कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध हैं- द नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पोर्ट मैनेजमेंट, चेन्नई। द ट्रेनिंग शिप चाणक्य, मुंबई। द सीकॉम मेरीन कॉलेज, कोलकाता।

* डेयरी टेक्नोलॉजी में स्नातक एवं स्नातकोत्तर अध्ययन की सुविधा कहाँ उपलब्ध है? -नीरज दीक्षित, इंदौर
- डेयरी टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम इन संस्थानों में उपलब्ध हैं- नेशनल डेयरी रिसर्च इंस्टीट्यूट, करनाल, हरियाणा/एमपी कॉलेज ऑफ डेयरी साइंस, आणंद/ जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर।

* मैं एमपी-पीएमटी में सफल नहीं हो सका/सकी हूँ। डॉक्टर बनने के अलावा मेरा दूसरा विकल्प क्या होना चाहिए? -रामसिंह यादव, गुना/पूनम निगम, उज्जैन
- आप पैरामेडिकल, फार्मेसी, बीएचएमएस, बीएएमएस के माध्यम से भी स्वास्थ्य सेवा में उज्ज्वल करियर बना सकते/सकती हैं।
* मैं पत्राचार द्वारा बीएससी भौतिक शास्त्र से करना चाहता हूँ। कृपया मुझे यह पाठ्यक्रम पत्राचार माध्यम से कराने वाली प्रमुख संस्थाओं की जानकारी दें। -तन्मय मूँदड़ा, इंदौर
- आप पत्राचार द्वारा भौतिक शास्त्र में बीएससी इन संस्थाओं से कर सकते हैं- मध्यप्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय, भोपाल/अवधेश प्रतापसिंह विश्वविद्यालय, रीवा।

* सामाजिक कार्य पाठ्यक्रम संचालित करने वाले प्रमुख संस्थानों की जानकारी प्रदान करें। -शारदा पंडित, खरगोन
- सामाजिक कार्य पाठ्यक्रम संचालित करने वाले प्रमुख संस्थान हैं- समाज कार्य महाविद्यालय, ओल्ड सीहोर रोड, इंदौर/ विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन/ काशी विश्वविद्यालय, वाराणसी/ दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली।

* मैं स्वयं का आयात-निर्यात व्यवसाय प्रारंभ करना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन दें। -संदेश सिकरवार, जांजगीर-चाँपा
- इस व्यवसाय में जाने के लिए विदेश व्यापार (फॉरेन ट्रेड) के पाठ्यक्रम लाभप्रद होते हैं। इस हेतु आप इंदौर के इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड एंड रिसर्च एवं प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट से संपर्क कर सकते हैं।

* बायो केमेस्ट्री से एमएससी करने के बाद रोजगार के क्या अवसर हैं? -रवि खंडेलवाल, शिवपुरी
- फूड ड्रिंक्स, फार्मास्युटिकल्स एवं एग्रीकल्चर इंडस्ट्री में इस विषय के जानकारों की माँग बराबर बनी रहती है। इसके अलावा मेडिकल रिसर्च व हॉस्पिटल लैब्स में भी माँग रहती है। रिसर्च एंड डेवलपमेंट, टीचिंग एंड कंसल्टिंग में करियर बनाने के लिए पीएचडी उपयोगी होती है।

* इंदौर में ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण कहाँ से प्राप्त किया जा सकता है? -राधिका वर्मा, देपालपुर (इंदौर)
- केंद्रीय श्रम मंत्रालय के अंतर्गत रोजगार और प्रशिक्षण महानिदेशालय के इंदौर स्थित प्रदेश के एकमात्र क्षेत्रीय महिला व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान, नंदानगर से ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण लिया जा सकता है।