1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर
Written By ND

एप्लाइड आर्ट्‌स में अवसर

एप्लाइड आर्ट्स
- डॉ. जयंतीलाल भंडारी

एप्लाइड आर्ट्‌स पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी प्रदान करें। सोनिया परिहार, कटंगी (जबलपुर)।
- किसी भी वस्तु की डिजाइनिंग एवं उसे आकर्षक बनाने में जिस विधा का इस्तेमाल होता है, उसे एप्लाइड आर्ट्‌स कहते हैं। यह कई मायनों में ललित कला से भिन्न है। इसके तहत फोटोग्राफी, डिजाइन, रेखांकन, लिथोग्राफी आदि के लिए मिले-जुले स्वरूप का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसे कमर्शियल आर्ट्‌स के तौर पर भी जाना जाता है।

कम से कम 50 प्रश अंकों के साथ इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं। यह कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध हैं- सर जेजे इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड आर्ट्‌स, डॉ. डीएन रोड, मुंबई/ विश्व भारती विश्वविद्यालय, शांति निकेतन, कोलकाता/ आर्ट्‌स कॉलेज, लखनऊ/ दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्‌स, तिलक मार्ग दिल्ली।

मेरी रुचि फ्रेंच भाषा सीखने में है। कृपया ऐसी संस्थाओं के बारे में जानकारी दें, जहाँ से फ्रेंच भाषा सीखी जा सके। विवेक अजनार, झाबुआ।
- फ्रेंच भाषा के लिए जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली/ बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी/ एमएस यूनिवर्सिटी वडोदरा (गुजरात) प्रमुख अध्ययन केंद्र हैं।

पर्यावरण विज्ञान में पाठ्यक्रम कराने वाले मध्यप्रदेश के प्रमुख संस्थान कौन-कौन से हैं? मोहित पाल, कुरावर (राजगढ़)।
- पर्यावरण विज्ञान का पाठ्यक्रम कराने वाले मध्यप्रदेश के प्रमुख संस्थान हैं-पर्यावरण एवं वानस्पतिकी अध्ययनशाला, विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन/ देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर/ मौलाना आजाद कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी, भोपाल।

मैं एनडीए प्रवेश परीक्षा देना चाहता हूँ। कृपया बताएँ कि इस परीक्षा के लिए विज्ञापन कब जारी किए जाते हैं? मनमोहन मीणा, भोपाल।
- प्रतिवर्ष एनडीए प्रवेश परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग द्वारा दो बार आयोजित की जाती है। इस परीक्षा हेतु विज्ञापन मार्च-अप्रैल और अक्टूबर-नवंबर में 'रोजगार समाचार' तथा देश के प्रमुख समाचार-पत्रों में प्रकाशित किया जाता है।

मध्यप्रदेश सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा-2009 की सफल तैयारी कैसे की जा सकती है? रणजीतसिंह बैस, देपालपुर (इंदौर)/ चन्द्रिका पितलिया, लश्कर (ग्वालियर)।
- मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा 2009 में विधि विषय से संबंधित दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र होंगे। इनकी तैयारी हेतु आप बाजार में उपलब्ध स्तरीय अध्ययन सामग्री को अपनी तैयारी का आधार बनाएँ। इसके साथ ही साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की मासिक पत्रिका "प्रतियोगिता निर्देशिका" में दिए जा रहे मॉडल प्रश्नों को आधार बनाकर तैयारी कर सकते हैं।

पत्राचार से रेडियो प्रसारण में स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम कहाँ उपलब्ध है? महेश आठनरे, भिलाई (दुर्ग)।
- पत्राचार से रेडियो प्रसारण में स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय में उपलब्ध है। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु वांछित शैक्षणिक उपाधि स्नातक है। पाठ्यक्रम की अवधि 1 वर्ष है।

मैं बीए अंतिम वर्ष की छात्रा हूँ तथा 12वीं कक्षा के आधार पर लिपिकीय पद पर सरकारी नौकरी चाहती हूँ। क्या करूँ? नेहा गोस्वामी, पिपरिया (होशंगाबाद)।
- इस हेतु आप कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित मैट्रिक स्तरीय लिपिकीय वर्ग की परीक्षा में शामिल हो सकती हैं।

मैं फोटो जर्नलिस्ट के रूप में करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन दें। अश्विनी दुबे, सांकरा (महासमुंद)।
- प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के फैलाव के चलते फोटो जर्नलिस्ट के क्षेत्र में कुशल व प्रोफेशनल फोटोग्राफरों की भारी माँग है। कोई विशेष घटना, फिर चाहे वह प्राकृतिक आपदा हो या युद्ध या फिर ग्लैमर का क्षण, आप कठिन से कठिन परिस्थिति में भी घटनास्थल की पूरी कहानी अपने कैमरे में कैद कर लाखों-करोड़ों लोगों तक उस घटना की बोलती तस्वीरों को दिखाना चाहते हैं तो यह क्षेत्र आप ही के लिए बना है।

जो लोग इस प्रोफेशन में आना चाहते हैं उनके लिए कई पाठ्यक्रम इन संस्थानों में उपलब्ध हैं- बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल/ नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, पाल्दी/ कॉलेज ऑफ आर्ट्‌स, नई दिल्ली।

मैं मर्चेंट नेवी ज्वॉइन करना चाहता हूँ। इस हेतु मुझे कहाँ संपर्क करना चाहिए? रमेश देशमुख, बड़वानी।
- मर्चेंट नेवी में प्रवेश संबंधित जानकारी हेतु आप जहाजरानी महानिदेशालय, जहाज भवन, बालचंद- हीराचंद मार्ग, बेलार्ड एस्टेट, मुंबई-33 तथा मेरिन इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट, पी-१९, ताराटोला रोड, कोलकाता-38 से संपर्क कर सकते हैं।
लेखक के बारे में
ND