1. समाचार
  2. ऑटो मोबाइल
  3. कार न्यूज़
  4. mercedes benz glc ev launched india price range features

Mercedes-Benz GLC EV : एक बार चार्ज करने पर 711 KM चलेगी SUV, तहलका मचाने आई इलेक्ट्रिक कार

Mercedes-Benz GLC EV
मर्सिडीज-बेंज ने भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV GLC EV लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 78.50 लाख रुपये रखी गई है। खास बात यह है कि कंपनी इस इलेक्ट्रिक SUV को पुणे के पास स्थित अपने प्लांट में स्थानीय स्तर पर असेंबल कर रही है।
लग्जरी कार निर्माता Mercedes-Benz ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV GLC EV को पेश कर दिया है। यह कंपनी की भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध सबसे छोटी इलेक्ट्रिक SUV है। भारतीय बाजार में इसे GLC400 वेरिएंट में उतारा गया है। कंपनी ने अक्टूबर में इसकी बुकिंग शुरू की थी। अब इसकी डिलीवरी भी शुरू हो गई है। कंपनी के मुताबिक, इसे अब तक 1,000 से ज्यादा बुकिंग मिल चुकी हैं और मार्च 2027 तक की गाड़ियां पहले ही बिक चुकी हैं।

Mercedes-Benz GLC EV की बैटरी और रेंज

Mercedes-Benz GLC400 EV में 94kWh का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह SUV एक बार फुल चार्ज होने पर WLTP सर्टिफिकेशन के अनुसार 711 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। इसमें DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है। कंपनी के मुताबिक, फास्ट चार्जर से केवल 10 मिनट चार्ज करने पर इसमें 300 किलोमीटर तक की अतिरिक्त रेंज मिल सकती है।
इस इलेक्ट्रिक SUV में डुअल मोटर सेटअप दिया गया है, जो 482.4 bhp की पावर और 800 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। पावर के मामले में यह अपने सेगमेंट की दमदार इलेक्ट्रिक SUVs में शामिल है।
साइज और फीचर्स में भी दमदार Mercedes-Benz GLC EV की लंबाई 4.85 मीटर है, जबकि इसका व्हीलबेस 2.97 मीटर है। इस वजह से SUV में बेहतर केबिन स्पेस मिलने की उम्मीद है।
 
फीचर्स की बात करें तो इसमें MBUX Hyperscreen दिया गया है। इसके अलावा Burmester साउंड सिस्टम के साथ Dolby Atmos, एम्बिएंट लाइटिंग और पैनोरमिक ग्लास रूफ जैसे फीचर्स मिलते हैं।
 
SUV की अगली सीटों पर वेंटिलेशन और मसाज फंक्शन दिया गया है। इसमें फुल LED लाइटिंग पैकेज, पावर फोल्डिंग सेकंड रो, वायरलेस चार्जिंग पैड और लेवल-2 ADAS भी मिलता है। इसके अलावा ऑटो पार्किंग फंक्शन भी दिया गया है। सामान रखने के लिए इसमें 570 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। वहीं, फ्रंट में 128 लीटर का अतिरिक्त स्टोरेज स्पेस यानी फ्रंक भी दिया गया है।

AMG डिजाइन पैकेज के साथ आएगी SUV

डिजाइन के मामले में भारतीय बाजार में आने वाली GLC EV को AMG डिजाइन पैकेज के साथ पेश किया गया है। इसमें इलेक्ट्रिक AMG ग्रिल, 20 इंच के AMG अलॉय व्हील्स और एल्युमीनियम रनिंग बोर्ड दिए गए हैं। इसके अलावा SUV में कनेक्टेड टेललैंप्स भी मिलते हैं, जो इसके लुक को और आकर्षक बनाते हैं।

2027 में BMW iX3 से होगा मुकाबला

भारतीय बाजार में Mercedes-Benz GLC EV का सबसे बड़ा मुकाबला 2027 में आने वाली BMW iX3 इलेक्ट्रिक SUV से होगा। BMW की यह मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV फीचर्स, स्पेस और परफॉर्मेंस के मामले में GLC EV को टक्कर दे सकती है। उम्मीद है कि BMW भी iX3 को भारत में स्थानीय स्तर पर असेंबल करेगी। इसके लॉन्च के बाद भारतीय लग्जरी इलेक्ट्रिक कार बाजार में Mercedes-Benz और BMW के बीच मुकाबला और दिलचस्प हो जाएगा।
अगला लेख
लगातार तीसरे दिन हरे निशान पर बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 384 अंक उछला