टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का 30 साल की उम्र में निधन, सोते समय आया साइलेंट अटैक!
टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। चर्चित टीवी शो 'बंधन सात जन्मों का' में अपनी अदाकारी से घर-घर पहचान बनाने वाले युवा अभिनेता अनुज ठाकुर का निधन हो गया है। अनुज की उम्र महज 30 वर्ष थी। इतनी छोटी उम्र में अचानक उनके चले जाने से उनके परिवार, दोस्तों और पूरे टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अनुज अपनी फिटनेस का बेहद ध्यान रखते थे, लेकिन इसके बावजूद वे अचानक इस दुनिया को अलविदा कह गए। अनुज ठाकुर के बेहद करीबी दोस्त और जाने-माने कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है।
रूपेश ने बताया कि अनुज एक अनुशासित जीवनशैली जीते थे। वे हर सुबह 4:30 बजे उठ जाते थे और अपने रोजाना के फिटनेस रूटीन को फॉलो करते हुए जॉगिंग पर जाते थे। घटना वाले दिन सुबह 4:30 बजे उनका अलार्म हमेशा की तरह बजा, लेकिन अनुज नहीं उठे।
जब अलार्म लगातार बजता रहा, तो उनकी मां उन्हें जगाने के लिए कमरे में गईं। कमरे का नजारा देखकर उनकी मां के होश उड़ गए; अनुज की सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों के अनुसार, सोते समय ही उन्हें दिल का दौरा या साइलेंट अटैक आया, जिससे मौके पर ही उनका निधन हो गया।
मौत से 10 दिन पहले की थी दोबारा वापसी की बात
कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने अनुज को याद करते हुए बेहद भावुक बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि वे अनुज को साल 2008 में शो 'बंधन सात जन्मों का' के सेट से जानते थे। रूपेश, अनुज को केवल एक दोस्त ही नहीं बल्कि अपना छोटा भाई मानते थे।
रूपेश के मुताबिक, निधन से महज 10 दिन पहले ही उनकी अनुज से मुलाकात हुई थी। उस समय अनुज बेहद खुश थे और टीवी इंडस्ट्री में एक बार फिर धमाकेदार वापसी की योजना बना रहे थे। दोनों ने साथ में कुछ नए प्रोजेक्ट्स पर काम करने का प्लान भी बनाया था। लेकिन किसे पता था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी। 30 अक्टूबर की रात जब एक कॉमन फ्रेंड ने रूपेश को अनुज के निधन की जानकारी दी, तो उन्हें इस पर यकीन ही नहीं हुआ।
अनुज ठाकुर टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा थे। उन्होंने अपने करियर में कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया था। उनके प्रमुख धारावाहिकों में बंधन सात जन्मों का, धूम मचाओ धूम, बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ऊंगा, महिसागर शामिल है।

