'धुरंधर 2' की सफलता के बाद रणवीर सिंह का धमाकेदार डांस, Fa9la गाने पर मचाया बवाल
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फिल्म को न केवल समीक्षकों से जबरदस्त सराहना मिल रही है, बल्कि दर्शक भी रणवीर सिंह के 'जसकीरत सिंह रंगी' अवतार के दीवाने हो गए हैं।
फिल्म ने पहले ही दिन 102.55 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन करके सबको चौंका दिया। वहीं फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 236.63 करोड़ रुपए रहा। सोशल मीडिया पर फिल्म के प्रति दीवानगी का आलम यह है कि इसे 'बाहुबली 2' और 'जवान' जैसी फिल्मों से भी बड़ी सफलता बताया जा रहा है।
फिल्म की शानदार सफलता के बाद मेकर्स ने मुंबई में एक ग्रैंड आफ्टर-पार्टी का आयोजन किया। इस पार्टी की रौनक अभिनेत्री सौम्या टंडन रहीं, जिन्होंने फिल्म में 'उल्फत' (रहमान डकैत की पत्नी) का किरदार निभाया है। सौम्या ने इंस्टाग्राम पर पार्टी की कई अनदेखी तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जो तुरंत वायरल हो गए।
सौम्या ने एक लंबी और इमोशनल कैप्शन में लिखा, धुरंधरों के साथ स्क्रीनिंग के बाद की पागलपन भरी मस्ती। इतिहास रचने के लिए आप सभी को बधाई। इसके पीछे के असली मास्टरमाइंड आदित्य धर और खुद 'धुरंधर' रणवीर सिंह, जो मुझे बता रहे थे कि हर कोई मेरे हाथों थप्पड़ खाना चाहता है और फिर उन्होंने मुझे 'थप्पड़ क्वीन' बना दिया।
दरअसल, फिल्म में सौम्या का रणवीर सिंह को थप्पड़ मारने वाला एक सीन सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोर रहा है। पार्टी में भी इस सीन को लेकर खूब हंसी-मजाक हुआ। सौम्या ने अपनी पोस्ट में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, संगीतकार शाश्वत सचदेव और को-स्टार यामी गौतम व सारा अर्जुन की भी जमकर तारीफ की।
वहीं इस पार्टी से रणवीर सिंह का डांस वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है। रणवीर सिंह फिल्म के Fa9la गाने पर जबरदस्त डांस करते दिख रहे हैं।
'धुरंधर 2' रणवीर सिंह के किरदार जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमजा मजारी के अतीत की परतों को खोलता है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक साधारण लड़का भारतीय जासूस बनता है और पाकिस्तान के लयारी इलाके में अपनी पैठ जमाकर आतंकी नेटवर्क को नेस्तनाबूद करता है। फिल्म में राकेश बेदी के अभिनय की भी विशेष चर्चा हो रही है, जिन्होंने एक चालाक नेता की भूमिका को बखूबी निभाया है।