शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. Oscar nominated foreign film the voice of hind rajab cbfc ban india
Last Modified: शुक्रवार, 20 मार्च 2026 (13:23 IST)

CBFC ने ऑस्कर नॉमिनेटेड फिल्म 'द वॉयस ऑफ हिंद रजब' को नहीं दी हरी झंडी, भारत-इजरायल रिश्ता बना वजह!

The Voice of Hind Rajab ban India
अपनी संवेदनशीलता और वास्तविक चित्रण के लिए ऑस्कर तक का सफर तय करने वाली ट्यूनीशियाई फिल्म 'द वॉयस ऑफ हिंद रजब' भारत में विवादों के घेरे में आ गई है। गाजा युद्ध के दौरान एक 5 साल की बच्ची की मर्मस्पर्शी और सच्ची कहानी पर आधारित इस फिल्म की भारत में रिलीज को CBFC ने फिलहाल रोक दिया है। 
 
सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को हरी झंडी देने से इसलिए मना कर दिया है, क्योंकि इसकी संवेदनशीलता भारत और इजराइल के कूटनीतिक रिश्तों के बीच दीवार बन सकती है। फिल्म के भारतीय डिस्ट्रीब्यूटर ने बोर्ड पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिल्म के भारतीय वितरक मनोज नंदवाना ने खुलासा किया कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म को सर्टिफिकेट देने से साफ इनकार कर दिया है। 
 
मनोज नंदवाना के अनुसार, उन्होंने फरवरी में फिल्म को सेंसर बोर्ड के पास भेजा था। उनका लक्ष्य इसे 6 मार्च 2026 को रिलीज करना था, ताकि ऑस्कर अवॉर्ड्स से पहले भारतीय दर्शक इसे देख सकें। हालांकि, बोर्ड ने इसे हरी झंडी नहीं दी। नंदवाना का दावा है कि बोर्ड के सदस्यों ने मौखिक रूप से कहा कि यदि यह फिल्म रिलीज होती है, तो इससे भारत और इजरायल के बीच कूटनीतिक संबंध प्रभावित हो सकते हैं या टूट सकते हैं।
 
वैरायटी संग बात करते हुए नंदवाना ने कहा, मैंने उनसे कहा कि भारत-इजरायल संबंध इतने मजबूत हैं कि यह सोचना मूर्खतापूर्ण है कि एक फिल्म उन्हें तोड़ देगी। फिल्म अमेरिका और ब्रिटेन जैसे उन तमाम देशों में रिलीज हो चुकी है जिनके इजरायल के साथ गहरे संबंध हैं, फिर भारत में इसे क्यों रोका जा रहा है?
 
क्या है फिल्म की कहानी?
यह फिल्म जनवरी 2024 की एक वास्तविक और दिल दहला देने वाली घटना पर आधारित है। हिंद रजब, जो मात्र 5 साल की थी, गाजा शहर में बमबारी से बचने के लिए अपने परिवार के साथ कार में भाग रही थी। इस दौरान उनकी कार गोलाबारी की चपेट में आ गई। फिल्म में हिंद की उस अंतिम और घबराहट भरी फोन कॉल की ओरिजिनल ऑडियो का इस्तेमाल किया गया है, जो उसने आपातकालीन ऑपरेटरों को की थी। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर ट्यूनीशियाई फिल्मकार कौथर बेन हनिया ने किया है।
 
फिल्म को '98वें एकेडमी अवॉर्ड्स' में 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' श्रेणी में नामांकित किया गया था। हालांकि इसे जीत नहीं मिली, लेकिन वेनिस फिल्म फेस्टिवल में इसे 23 मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन मिला था।
 
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
Prime Video Presents में छाया TVF, 6 बड़े शोज और सुपरहिट फ्रेंचाइजी के साथ पेश किया अपना पावर-पैक लाइनअप