'सरके चुनर' गाने पर बढ़ा बवाल, नोरा फतेही के खिलाफ जारी हुआ फतवा
कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर जमकर बवाल मचा हुआ है। इस गाने में अपने सिजलिंग डांस मूव्स से तहलका मचाने वाली नोरा फतेही भी मुश्किलों में घिरी हुई हैं। इस गाने के विवादित बोल को लेकर देशभर में आक्रोश देखा जा रहा है।
अब गोरा फतेही के खिलाफ यूपी के अलीगढ़ से फतवा जारी हुआ है। मुस्लिम पर्सनल दारुल इफ्ता ने नोरा फतेही के खिलाफ फतवा जारी किया है। मुस्लिम पर्सनल दारुल इफ्ता के शाही चीफ मुफ्ती मौलाना चौधरी इफराहीम हुसैन ने गाने और दृश्यों को अश्लील बताया है।
संस्था के शाही चीफ मुफ्ती मौलाना चौधरी इफराहीम हुसैन ने कहा कि फिल्म जगत में इस तरह की अश्लीलता फैलाना न केवल अनैतिक है, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी 'गुनाह-ए-कबीरा' (बड़ा पाप) है। फतवे में स्पष्ट किया गया कि नोरा फतेही एक मुस्लिम पृष्ठभूमि से आती हैं, ऐसे में उनका इस तरह के 'वल्गर' कंटेंट का हिस्सा बनना इस्लामी शिक्षाओं के विरुद्ध है।
इतना ही नहीं केंद्र सरकार ने इस गाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। गाने का विवाद सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोक सभा में भी यह मुद्दा उठा। समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया के सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पुष्टि की कि व्यापक आलोचना के बाद इस गाने को प्रतिबंधित कर दिया गया है।
संजय दत्त और नोरा फतेही पर फिल्माया गया यह गाना रिलीज होते ही ऑनलाइन ट्रोलिंग का शिकार हो गया था। आलोचकों का आरोप है कि गाने के बोल महिलाओं का वस्तुकरण करते हैं और इसमें 'डबल मीनिंग' शब्दों का जमकर प्रयोग किया गया है। कई सामाजिक संगठनों ने इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की थी।
नोरा फतेही ने दी थी सफाई
नोरा फतेही ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने कहा था, जब मैंने 3 साल पहले यह गाना शूट किया था, तो मुझे बताया गया कि यह 'नायक नहीं खलनायक हूं मैं' का रीमेक है। चूंकि मैं कन्नड़ नहीं समझती, इसलिए मैंने पूरी तरह से टीम पर भरोसा किया। नोरा ने आगे स्पष्ट किया कि उन्हें हिंदी वर्जन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और न ही इसकी अश्लील डबिंग के लिए उनसे अनुमति ली गई थी।
निर्देशक प्रेम की 'KD: The Devil' 1970 के दशक के बेंगलुरु की वास्तविक घटनाओं पर आधारित एक पीरियड एक्शन ड्रामा है। फिल्म में ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं, जबकि संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी कुंद्रा और नोरा फतेही भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।