मोनालिसा को पसंद आया साउथ इंडिया, फरमान खान संग शादी के बाद केरल में बसाएंगी नया आशियाना!
प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए रातों-रात इंटरनेट सेंसेशन बनीं मोनालिसा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। मोनालिसा ने परिवार के खिलाफ जाकर अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान संग शादी रचाकर सभी को चौंका दिया है।
मोनालिसा और फरमान ने पुलिस प्रोटेक्शन के बीच केरल में शादी रचाई। यह शादी किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं रही, जिसमें पुलिस सुरक्षा से लेकर बड़े राजनेताओं की मौजूदगी तक सब कुछ देखने को मिला। शादी के बाद मोनालिसा ने बताया कि वो अब केरल में ही अपना नया आशियाना बसाएंगी।
मोनालिसा और फरमान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि केरल में शादी करने का फैसला अचानक नहीं था। वे यहां अपनी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में आए थे। मोनालिसा के अनुसार, केरल के लोग बहुत ही इंसानियत पसंद और सहयोगी हैं। हमें यहां की संस्कृति और शांति बहुत पसंद आई, इसलिए हमने यहीं बसने का मन बनाया है।
'लव जिहाद' के आरोपों को नकारा
सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों और 'लव जिहाद' जैसे आरोपों पर मोनालिसा ने करारा जवाब दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मंदिर में संपन्न हुई है। मोनालिसा ने कहा, मैंने फरमान को शादी के लिए मजबूर किया था। यह लव जिहाद नहीं है, क्योंकि न तो मैंने धर्म बदला है और न ही उन्होंने। हम दोनों एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करते हैं।
मोनालिसा और फरमान की शादी में केरल के कई स्थानीय नेताओं ने भी शिरकत की। इस शादी में केरल के प्रमुख नेता सीपीआई(एम) के राज्य सचिव एम.वी गोविंदन, केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी और सांसद एए रहीम शामिल हुए। इतना ही नहीं वी. शिवनकुट्टी ने इस शादी को 'द रियल केरल स्टोरी' बताया।
इंदौर की रहने वाली मोनालिसा के पिता इस शादी के खिलाफ थे। खबरों के अनुसार, मोनालिसा ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी क्योंकि उनके पिता उन पर अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी करने का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने मोनालिसा के बालिग होने के प्रमाण देखने के बाद उन्हें अपनी मर्जी से जीवन जीने की अनुमति दी।
वहीं फरमान के पिता जफर अली भी इस रिश्ते से नाखुश हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे इस शादी को स्वीकार नहीं करते क्योंकि लड़की दूसरे धर्म की है। हालांकि, फरमान को उम्मीद है कि वक्त के साथ सब ठीक हो जाएगा।