क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट बनने का था सपना, लेकिन किस्मत ने बना दिया बॉलीवुड एक्ट्रेस, गीता बसरा की अनसुनी कहानी
बॉलीवुड की गलियों में अपनी खूबसूरती और अदाकारी से हलचल मचाने वाली अभिनेत्री गीता बसरा आज 13 मार्च को अपना जन्मदिन मना रही हैं। 1984 में इंग्लैंड के एक पंजाबी परिवार में जन्मीं गीता की जिंदगी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। आज वह भले ही फिल्मों से दूर अपनी शादीशुदा जिंदगी का लुत्फ उठा रही हों, लेकिन उनका सफर बेहद दिलचस्प रहा है।
बहुत कम लोग जानते हैं कि गीता बसरा कभी अभिनेत्री बनना ही नहीं चाहती थीं। बचपन से ही उनका झुकाव अपराध विज्ञान और मानव व्यवहार की ओर था। वह एक क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट बनने का सपना देखती थीं। लेकिन जैसा कि कहा जाता है, 'किस्मत को कुछ और ही मंजूर था'। एक्टिंग का शौक उन्हें लंदन में थिएटर की ओर ले गया, जहां उन्होंने करीब 5 साल तक मंच पर अपनी प्रतिभा को तराशा। इसके बाद वह सपनों की नगरी मुंबई आ गईं।
इमरान हाशमी के साथ 'बोल्ड' शुरुआत
मुंबई आकर गीता ने नमित कपूर के एक्टिंग स्कूल से बारीकियां सीखीं। साल 2006 में उन्होंने इमरान हाशमी के साथ फिल्म 'दिल दिया है' से बॉलीवुड में कदम रखा। लेकिन उन्हें असली पहचान मिली साल 2007 की फिल्म 'द ट्रेन' से। इस फिल्म में गीता का 'बोल्ड' और ग्लैमरस अवतार देख हर कोई हैरान रह गया था। हालांकि, शुरुआती चर्चा के बावजूद बॉलीवुड में उनका सिक्का उस तरह नहीं जम पाया जैसी उम्मीद की जा रही थी।
गीता बसरा की निजी जिंदगी तब चर्चा में आई जब उनका नाम भारतीय दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह के साथ जुड़ा। गीता ने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि वह शुरू में हरभजन को डेट करने में काफी हिचकिचा रही थीं। उन्होंने सुन रखा था कि क्रिकेटर्स की कई गर्लफ्रेंड्स होती हैं और लड़कियां उनके पीछे पागल रहती हैं। लेकिन हरभजन की सादगी और सच्चाई ने आखिरकार उनका दिल जीत लिया। 2015 में दोनों ने एक भव्य समारोह में शादी कर ली।
गीता ने इंडस्ट्री के एक ऐसे पहलू पर भी रोशनी डाली थी, जो अक्सर पर्दे के पीछे छिपा रहता है। उन्होंने बताया था कि उस दौर में शादीशुदा या प्रेग्नेंट एक्ट्रेस को लेकर प्रोड्यूसर्स के मन में काफी असुरक्षा रहती थी। एक बार तो एक नामी अभिनेत्री को सिर्फ इसलिए फिल्म छोड़नी पड़ी क्योंकि फिल्म निर्माता को डर था कि वह बीच फिल्म में प्रेग्नेंट न हो जाए।
गीता को 'द ट्रेन' के बाद कई ऑफर्स मिले, लेकिन कुछ कारणों से वह हाथ से निकल गए। उनकी आखिरी स्क्रीन अपीयरेंस 2016 की पंजाबी फिल्म 'लॉक' में थी।
42 वर्षीय गीता आज अपनी गृहस्थी में पूरी तरह व्यस्त हैं। वह और हरभजन सिंह एक खुशहाल शादीशुदा जीवन जी रहे हैं। उनके दो प्यारे बच्चे हैं। गीता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपने परिवार के साथ खूबसूरत पल साझा करती हैं।
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें