दिल्ली हाई कोर्ट ने वरुण धवन के पर्सनालिटी राइट्स को दी कानूनी सुरक्षा, फेक कंटेंट पर लगेगी लगाम
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक के इस डिजिटल युग में मशहूर हस्तियों की प्राइवेसी और उनकी पहचान पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। इसी कड़ी में बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन ने अपनी पहचान और व्यक्तिगत अधिकारों की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने वरुण धवन के पक्ष में एक बड़ा और महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश जारी किया है। न्यायाधीश न्यायमूर्ति ज्योति सिंह की एकल पीठ ने वरुण धवन की याचिका पर सुनवाई करते हुए सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और डिजिटल इंटरमीडियरीज को सख्त निर्देश दिए हैं।
कोर्ट ने कहा है कि अभिनेता की अनुमति के बिना उनके नाम, आवाज, चेहरे या किसी भी अन्य व्यक्तिगत विशेषता का व्यावसायिक या भ्रामक उपयोग तुरंत रोका जाए। कोर्ट में वरुण धवन की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप सेठी ने बेंच के सामने इंटरनेट पर मौजूद कई आपत्तिजनक सामग्रियां पेश कीं।
अधिवक्ता ने बताया कि किस तरह एआई टूल्स का गलत इस्तेमाल करके वरुण धवन के चेहरे और आवाज के नकली वीडियो बनाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ वेबसाइट्स अभिनेता के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करके अश्लील कंटेंट और फेक एडवरटाइजमेंट प्रमोट कर रही थीं।
कोर्ट ने इन दलीलों को स्वीकार करते हुए "जॉन डो" के खिलाफ भी आदेश पारित किया। इसके तहत अब कोई भी अज्ञात व्यक्ति वरुण धवन की पहचान का इस्तेमाल करके नकली मर्चेंडाइज नहीं बेच पाएगा और न ही उनकी फेक वॉइस क्लोनिंग का उपयोग कर सकेगा। कोर्ट ने अभिनेता की टीम को ऐसे सभी आपत्तिजनक यूआरएल की सूची सौंपने को कहा है ताकि उन्हें तुरंत इंटरनेट से ब्लॉक और डिलीट किया जा सके।
क्या होते हैं पर्सनालिटी राइट्स?
पर्सनालिटी राइट्स या 'राइट ऑफ पब्लिसिटी' किसी भी व्यक्ति का वह कानूनी अधिकार है, जिसके तहत वह अपनी पहचान, नाम, आवाज और छवि के व्यावसायिक इस्तेमाल को नियंत्रित कर सकता है। भारत में कानूनन कोई भी व्यक्ति किसी सेलिब्रिटी के नाम का इस्तेमाल करके अपने ब्रांड का प्रमोशन या कमाई नहीं कर सकता जब तक कि उसने इसके लिए सेलिब्रिटी को भुगतान न किया हो या उनसे लिखित सहमति न ली हो।
बॉलीवुड दिग्गजों की राह पर वरुण धवन
वरुण धवन अपनी डिजिटल पहचान को कानूनी सुरक्षा देने वाले पहले अभिनेता नहीं हैं। एआई के बढ़ते दुरुपयोग के कारण पूरी फिल्म इंडस्ट्री इस समय सतर्क है। इससे पहले बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, सलमान खान, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अजय देवगन, काजोल और ऐश्वर्या राय बच्चन जैसे दिग्गज कलाकार भी दिल्ली हाई कोर्ट से अपने पर्सनालिटी राइट्स को सुरक्षित करा चुके हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो वरुण धवन अब पूरी तरह से अपनी आगामी फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त होने वाले हैं। वरुण जल्द ही अपने पिता और दिग्गज डायरेक्टर डेविड धवन के निर्देशन में बनी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें