आम्रपाली दुबे ने निरहुआ संग अफेयर की खबरों पर तोड़ी चुप्पी, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स पर दिया सख्त बयान
भोजपुरी सिनेमा की सबसे हिट और लोकप्रिय जोड़ियों की जब भी बात होती है, तो दिनेश लाल यादव उर्फ 'निरहुआ' और आम्रपाली दुबे का नाम सबसे पहले आता है। दोनों ने साथ मिलकर लगभग 32 फिल्मों में काम किया है और पर्दे पर उनकी केमिस्ट्री हमेशा सुपरहिट साबित हुई है।
आम्रपाली और निरुहुआ की उम्र में करीब 13 साल का अंतर है, लेकिन रील लाइफ में उनकी जोड़ी इतनी असरदार रही कि फैंस उन्हें असल जिंदगी में भी एक शादीशुदा कपल मानने लगे। शादीशुदा निरहुआ के साथ आम्रपाली का नाम सालों से जुड़ता आ रहा है और अक्सर उनके रिलेशनशिप को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाते हैं।
हाल ही में टॉक शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आईं आम्रपाली दुबे ने निरहुआ संग अपने अफेयर की तमाम खबरों पर खुलकर अपनी बात रखी और तीखे सवालों के बेबाक जवाब दिए। अफेयर की अफवाहों को पूरी तरह खारिज करते हुए आम्रपाली दुबे ने साफ शब्दों में कहा कि उनके और दिनेश लाल यादव के बीच कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं है। वे दोनों सिर्फ और सिर्फ बहुत गहरे दोस्त हैं।
एक्ट्रेस ने यह भी स्वीकार किया कि अपने परिवार के बाद अगर वे किसी इंसान पर सबसे ज्यादा भरोसा करती हैं, तो वो दिनेश लाल यादव ही हैं। उनके बीच दोस्ती और पेशेगत सम्मान का मजबूत रिश्ता है, लेकिन इसे लोग अफेयर का नाम दे देते हैं जो बिल्कुल निराधार है।
शो के दौरान उन खबरों का सच भी सामने आया जिनमें दावा किया जा रहा था कि निरहुआ अपनी पत्नी को छोड़कर आम्रपाली के साथ रह रहे हैं। इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए आम्रपाली ने बताया कि निरहुआ अपने परिवार के साथ अपने घर पर ही रहते हैं और एक पति व पिता के रूप में अपनी सारी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा से निभाते हैं। निरहुआ केवल फिल्मों की शूटिंग के दौरान या किसी प्रोफेशनल डिनर पर ही आम्रपाली के साथ नजर आते हैं।
जब ट्रोलिंग से परेशान होकर छोड़ना चाहती थीं इंडस्ट्री
सोशल मीडिया पर मिलने वाली नेगेटिविटी और ट्रोलिंग को लेकर आम्रपाली ने अपना दर्द साझा किया। उन्होंने बताया कि करियर की शुरुआत में वे निगेटिव कमेंट्स से बहुत ज्यादा प्रभावित होती थीं। एक वक्त ऐसा भी आया जब वे ट्रोलिंग से तंग आकर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कहने का मन बना चुकी थीं।
उस कठिन दौर में आम्रपाली की बड़ी बहन ने उनका मार्गदर्शन किया। बहन ने उन्हें सलाह दी कि वे तुरंत फैसला न लें और कम से कम 3 फिल्में पूरी करें। आम्रपाली ने ऐसा ही किया, और उन 3 फिल्मों के रिलीज होने के बाद दर्शकों से उन्हें जो अपार प्यार और सम्मान मिला, उसने उनका इरादा बदल दिया। इसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री में टिके रहने का फैसला किया और अब वे किसी भी तरह की ट्रोलिंग पर ध्यान नहीं देतीं।
शादी और ट्रोल्स पर तीखा तंज
ट्रोलर्स की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि लोग बातें बनाना कभी बंद नहीं करेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वे भविष्य में किसी और से शादी भी कर लेंगी, तब भी लोग कमेंट करने से बाज नहीं आएंगे। लोग तब भी कहेंगे कि "क्या यह निरहुआ वाली ही मिली है?" आम्रपाली का मानना है कि ऐसे लोग न सिर्फ उन्हें ट्रोल करेंगे बल्कि दिनेश जी की पर्सनल लाइफ को भी बिना वजह मुश्किल में डालेंगे।
एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स पर कड़ा रुख
इंडस्ट्री में बढ़ते एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स पर प्रतिक्रिया देते हुए आम्रपाली दुबे ने शादीशुदा महिलाओं का पक्ष लिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शादी के बाहर संबंध बनाने वाले पुरुष अपनी पत्नियों के साथ गलत कर रहे हैं। महिलाओं को ऐसे धोखेबाज पतियों के खिलाफ सख्त कदम उठाना चाहिए, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवानी चाहिए और कानूनी तौर पर उनकी जिंदगी सबक सिखाने के लिए बर्बाद कर देनी चाहिए।

