पर्दे पर फिर लौटेगी तारा सिंह-सकीना की जोड़ी, अमीषा पटेल ने कंफर्म की 'गदर 3'!
सनी देओल और अमीषा पटेल की 'गदर' फ्रेंचाइजी को फैंस का खूब प्यार मिला है। वहीं अब 'गदर' के फैंस के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। फिल्म में सकीना का किरदार निभाने वाली अमीषा पटेल ने आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि कर दी है कि 'गदर 3' न केवल पाइपलाइन में है, बल्कि यह पिछले दोनों भागों से कहीं अधिक भव्य होने वाली है।
अमीषा के इस खुलासे ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के बीच उत्साह की लहर दौड़ा दी है। अमीषा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सिर्फ संकेत नहीं दिया, बल्कि एक बड़ा धमाका किया। अपने ब्लॉकबस्टर करियर को याद करते हुए उन्होंने प्रशंसकों से वादा किया कि 'गदर' का तीसरा भाग बड़ा, साहसी और 'धमाकेदार' होगा।
अमीषा ने फिल्म की सफलता को लेकर गहरा आत्मविश्वास जताया। उन्होंने लिखा, “GADAR 3 निश्चित रूप से आएगी और जब आएगी, तो सिनेमाघरों में हंगामा मच जाएगा। दर्शकों के प्यार और भगवान के आशीर्वाद से, गदर जैसे ब्रांड के लिए 500 करोड़ रुपये का कलेक्शन तो सिर्फ न्यूनतम आंकड़ा है। इस बार फिल्म का पैमाना और स्क्रिप्ट और भी बड़ी और धमाकेदार होगी। तैयार रहिए।
फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने भी पहले इस ओर इशारा किया था। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने साझा किया था कि 'गदर 3' की तैयारी जोरों पर है और कहानी पर काम चल रहा है। मेकर्स इस बात का पूरा ध्यान रख रहे हैं कि तीसरे भाग की स्क्रिप्ट दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरे और तारा सिंह की विरासत को और आगे ले जाए।
भारतीय दर्शकों के लिए 'गदर' फ्रैंचाइजी सिर्फ एक फिल्म सीरीज नहीं, बल्कि एक भावना है। साल 2001 में 'गदर: एक प्रेम कथा' ने विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित तारा सिंह और सकीना की प्रेम कहानी से इतिहास रचा था। 22 साल के लंबे इंतजार के बाद, जब 2023 में 'गदर 2' रिलीज हुई, तो इसने साबित कर दिया कि आज भी दर्शक अपनी मिट्टी से जुड़ी कहानियों और तारा सिंह के ढाई किलो के हाथ के दीवाने हैं।
'गदर 2' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद से सनी देओल के पास फिल्मों की लाइन लगी हुई है। जहां एक तरफ प्रशंसक 'गदर 3' का इंतजार कर रहे हैं। वहीं सनी जल्द ही 'लाहौर 1947' और नितेश तिवारी की 'रामायण' जैसी बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। 'रामायण' में उनके 'हनुमान' के किरदार को लेकर पहले ही काफी चर्चा है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें