लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से एल्विश यादव को मिली जान से मारने की धमकी, मांगे 10 करोड़ रुपए
मशहूर यूट्यूबर और रियलिटी शो 'बिग बॉस OTT-2' के विजेता एल्विश यादव एक बार फिर बड़ी मुश्किल में घिर गए हैं। इस बार वो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आ गए हैं। एल्विश को लॉरेंस गैंग की तरफ से धमकी भारा मैसेज आया है, जिसमें उनसे 10 करोड़ रुपए की एक्सटॉर्शन मनी की मांग की गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एल्विश यादव और उनके पिता को एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजकर 10 करोड़ रुपए की मांग की गई है। धमकी देने वाले ने खुद को खूंखार लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है। मैसेज में एल्विश से कहा गया कि अगर उन्होंने ये पैसे दो दिन में नहीं भेजे, तो उन्हें गोली मार दी जाएगी।
विदेशी नंबर से आया कॉल और मैसेज
पुलिस को दी गई शिकायत में एल्विश यादव ने बताया कि 5 मई, 2026 को उनके पास एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल न उठा पाने के बाद, उसी नंबर से एक धमकी भरा मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज भेजने वाले ने अपनी पहचान रणदीप मलिक के रूप में बताई और दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी सहयोगी है।
इस मैसेज में साफ तौर पर लिखा था कि यदि दो दिनों के भीतर 10 करोड़ रुपये नहीं दिए गए, तो एल्विश यादव को गोली मार दी जाएगी। हैरानी की बात यह है कि यही धमकी भरा संदेश एल्विश के पिता के मोबाइल नंबर पर भी भेजा गया, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई
एल्विश यादव की शिकायत पर गुरुग्राम के सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) (जबरन वसूली) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी जांच गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
पुलिस अब उस विदेशी नंबर को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि यह नंबर वास्तव में किसी विदेशी देश से संचालित है या फिर किसी वीपीएन के जरिए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
यह पहली बार नहीं है जब एल्विश यादव को इस तरह के खतरे का सामना करना पड़ा हो। पिछले साल 17 अगस्त, 2025 को गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित उनके आवास पर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। उस दौरान करीब दो दर्जन राउंड गोलियां चलाई गई थीं। हालांकि, उस वक्त एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे और परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ था।
उस मामले में पुलिस ने इशांत, जतिन, गौरव और आदित्य जैसे कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इस नई रंगदारी की मांग का संबंध पिछले साल हुए उस हमले से है। फिलहाल पुलिस इस एंगल पर भी काम कर रही है कि क्या सच में इस धमकी के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है या फिर कोई फिरौती वसूलने की कोशिश कर रहा है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें