मॉडल-एक्ट्रेस हर्षिल कालिया का भीषण सड़क हादसे में निधन, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
मशहूर मॉडल और एक्ट्रेस हर्षिल कालिया का जयपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया है। महज 30 वर्ष की आयु में हर्षिल की मौत ने उनके परिवार और प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हर्षिल की कार शिप्रा पथ रोड पर सोमवार देर रात डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना जयपुर के मानसरोवर स्थित शिप्रा पथ रोड पर रात करीब 11:30 बजे हुई। हर्षिल अपनी कार से काम खत्म कर घर लौट रही थीं। एक मोड़ पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई और जोरदार टक्कर के बाद पलट गई।
हादसे के बाद आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद कार को सीधा किया और हर्षिल को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर में आई गंभीर चोटें उनकी मौत का मुख्य कारण बनीं।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कार को अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते और पलटते हुए देखा जा सकता है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि क्या हादसा ओवरस्पीडिंग के कारण हुआ या किसी अन्य वाहन ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की थी। हर्षिल के पिता पत्रकारिता से जुड़े हैं, और इस खबर के बाद से पूरे पत्रकारिता और कला जगत में शोक है।
हर्षिल कालिया राजस्थान का एक चमकता सितारा थीं। उन्होंने न केवल मॉडलिंग में अपनी पहचान बनाई, बल्कि अभिनय की दुनिया में भी कदम रख दिए थे। हर्षिल को डिज्नी+ हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई वेब सीरीज 'क्राइम नेक्स्ट डोर' में देखा गया था। हर्षिल मिस दिवा राजस्थान 2021 की फर्स्ट रनर-अप रही थीं। इसके अलावा उन्होंने मिस पिंक सिटी जैसे प्रतिष्ठित खिताब भी अपने नाम किए थे।
अभिनय से पहले हर्षिल ने एक न्यूज एंकर के रूप में काम किया था। साथ ही, वे कई राजस्थानी म्यूजिक वीडियो में लीड अभिनेत्री के तौर पर नजर आई थीं। हर्षिल की इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अच्छी खासी फैन फॉलोइंग थी।